कलेक्टर ने किया कोरोना कन्ट्रोल रुम का निरीक्षण
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने गुरुवार को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये कलेक्ट्रेट में बनाये गये जिलास्तरीय कोरोना कन्ट्रोल रुम का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने कन्ट्रोल रुम को प्राप्त होने वाली शिकायतों की प्रकृति और उनके तत्परतापूर्वक निराकरण की कार्यवाहियों की जानकारी ली। इस दौरान कन्ट्रोल रुम में शिफ्ट प्रभारी अधिकारी उप संचालक कृषि ए0के0 राठौर और महाप्रबंधक उद्योग अजय श्रीवास्तव ने विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
कलेक्टर श्री सिंह ने कन्ट्रोल रुम में प्राप्त होने वाली सूचनाओं और शिकायतों को प्राप्त करने की प्रक्रिया और निराकरण की प्रक्रिया का जायजा लिया। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि लॉकडाउन अवधि में प्राप्त होने वाली शिकायतों को सहानुभूति पूर्वक सुनें, शिकायतकर्ता की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने का प्रयास करें और शिकायतकर्ता की कौशलिंग भी करें कि आप जहां हैं वहीं रहें, शासन-प्रशासन, स्वास्थ्यकर्मी सहित सभी आपकी समस्याओं के निराकरण और अत्यावश्यक सेवाओं की पूर्ति में दिन-रात लगे हुये हैं। दूसरे राज्यों एवं जिलों से अपने यहां लॉकडाउन अवधि में आये लोगों की समस्याओं पर विशेष ध्यान रखें। उन्हें बतायें कि उनके भोजन, स्वास्थ्य, आश्रय एवं अत्यावश्यक सेवाओं को पहुंचाना स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी है और सजगता पूर्वक कार्य किया जा रहा है। भोजन सामग्री और स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में विशेष रुप से तत्काल कार्यवाही कर लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करायें। भोजन सामग्री की मांग संबंधी शिकायतों में स्थानीय प्रशासन, नगर निगम, ग्राम पंचायत के अलावा समाजसेवी संस्थाओं, सामाजिक व्यक्तियों से संपर्क कर उनके दोनों समय के लिये भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करें। लॉकडाउन की अवधि में 3 मई तक चुनौती भरे समय में और भी अधिक सजग और गंभीरता से कन्ट्रोल रुम को कार्य करने की आवश्यकता होगी।
कन्ट्रोल रुम के शिफ्ट प्रभारी उप संचालक कृषि और महाप्रबंधक उद्योग ने बताया कि अब तक कोरोना कन्ट्रोल रुम में कुल 2551 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। जिनमें आज की 43 शिकायतें शामिल हैं। इन शिकायतों में से आज की 33 शिकायतों सहित 2492 शिकायतों का निराकरण सफलता पूर्वक कर लिया गया है। इन शिकायतों में 2507 शिकायतें कोरोना और लॉकडाउन की अवधि से संबंधित हैं। शेष पेयजल एवं विद्युत संबंधी शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं, जिनका निराकरण संबंधित विभागों को भेजकर कराया गया है। कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राीष्मकाल में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल की समस्या से संबंधित जिला और जनपद स्तरीय कन्ट्रोल रुम प्रारंभ करने के निर्देश कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को दिये हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने कन्ट्रोल रुम में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों के कार्य के प्रति संतोष व्यक्त करते हुये उनकी हौसला अफजाई भी की।

