कोरोना संक्रमण की चैन तोड़ने प्रोटोकाल के साथ प्रातः 10 बजे तक संचालित कराया जा रहा सब्जी/फल व्यवसाय
कटनी – कोविड-19 महामारी के प्रसार पर नियंत्रण हेतु कलेक्टर एवं प्रशासक प्रियंक मिश्रा एवं निगमायुक्त सत्येन्द्र सिंह धाकरे के निर्देशन में निगम प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किये जा रहे है। नगर में किसी भी माध्यम से संक्रमण का प्रसार न हो, इस हेतु रोजाना नगर की सफाई व्यवस्था के साथ ही ट्रांसपोर्टनगर थोक सब्जी मंडी सहित चिन्हित अन्य स्थलों फारेस्टर प्ले ग्राउण्ड, हाउसिंग बोर्ड मैदान तथा उपनगरीय क्षेत्र माधवनगर स्थित उत्कृष्ट मैदान के सामने से कोविड प्रोटोकाल का पालन कराते हुए प्रातः 10 बजे तक व्यवसाय कराया जा रहा है।
नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थलों मंे निगम के स्वच्छता दूतों द्वारा रोजाना साफ सफाई की जाकर सोशल डिस्टेंसिंग हेतु चूने के गोले बनाने का कार्य किया जा रहा है। ट्रांसपोर्टनगर थोक सब्जी मंडी एवं अन्य चिन्हित स्थलों पर कर्तव्य पर उपस्थित निगम के अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा संक्रमण से बचाव हेतु थोक एवं फुटकर सब्जी विक्रेताओं के वाहनों को पार्किग में खडा कराते हुए रोको टोको अभियान के माध्यम से वाहनों में लगे लाउडस्पीकर से मास्क लगाने, सामाजिक दूरी का पालन करने हेतु निर्धारित गोलों के अंदर से ही पूर्ण सुरक्षा के साथ व्यवसाय करने की घोषणा कीकर नागरिकों को समझाईश भी दी जा रही है।
महामारी के संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए उससे बचाव हेतु निगम के अतिक्रमण अमले द्वारा रोजाना प्रातः से नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों में निरीक्षण किया गया। एक स्थल पर स्थाई बैठकर अनाधिकृत रूप से सब्जी/ फल का व्यवसाय करने वाले व्यवसाईयों की दुकानें बंद कराने की कार्यवाही की गई। वहीं नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए प्रातः 10 बजे तक ठेले में सामग्री रखकर नगर के विभिन्न स्थलों में धूमकर व्यवसाय करने की कार्यवाही संपादित कराई जा रही है।
