सचिव व सहायक सचिव संगठन ने कलेक्टर के नाम सीईओ को सौपा ज्ञापन
“कोरोना योद्धा नही , तो काम नही” : मध्यप्रदेश शासन से की गई मांग
(विजयराघवगढ़) शासन स्तर पर कोरोना योद्धा के स्पष्ट आदेश जारी करने जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत सचिव , सहायक सचिव संगठन द्वारा संयुक्त रुप से अपनी समस्याओं को लेकर जनपद पंचायत कार्यालय में मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री प्रभा तेकाम को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्यालय , काम एवं कलम बंद करने का निर्णय लेते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बताया कि मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण महामारी के अवसर पर शासन के निर्देशों का पालन करते हुए प्रदेश में कार्यरत 50 से अधिक पंचायत सचिवों व सहायक सचिवो की मृत्यु हो चुकी है इसके बावजूद प्रदेश के 46 हजार सचिव एवं सहायक सचिव से कोरोना योद्धा के नाम पर आंख मिचोली की जा रही है। प्रातः से सायं तक बिना सक्षम अधिकारी के लिखित ड्यूटी आदेश जारी बिना व्हाट्सएप मैसेज के माध्यम से कार्य कराया जा रहा है वही कोरोना योद्धा पात्र कर्मी घोषित करने के नाम पर षड्यंत्र हो रहा है। सचिवों के संयुक्त संगठन द्वारा जानकारी देते हुए बताया कि शासन स्तर पर कोरोना वायरस संक्रमण महामारी के अवसर पर 10 मई 2021 से लगातार कार्य कराने आदेश किया जा रहा है किंतु शासन स्तर पर कोरोना योद्धा के स्पष्ट आदेश जारी नहीं किए जा रहे। संक्रमण के बीच वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशानुसार विगत दिवस संगठन के कर्मचारियों ने कार्य करते हुए अपनी जान गवा दिया है जिन्हें शीघ्र ही पचास- पचास लाख रुपए की क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराने की संगठन द्वारा मांग की गई है। संगठन की मांग को ध्यान न दिए जाने पर संयुक्त संगठन ने काम और कलम बंद करने की चेतावनी भी दी है कि माग पर ध्यान न दिए जाने पर हम लोग कोरोना योद्धा नही तो काम नही के लिए बाध्य हो जाएंगे। ज्ञापन सौंपने के अवसर पर सचिव संघ के तहसील अध्यक्ष इंद्रपाल पटेल, सहायक सचिव संगठन के जिलाध्यक्ष शिव मोहन सिंह बघेल, ब्लाक अध्यक्ष विकास दत्त मिश्रा, रणजीत सिंह बागरी, केशव विश्वकर्मा, राजेंद्र विश्वकर्मा, मनीराम कोरी सहित संगठन के सदस्यों की उपस्थिति रही।
रिपोर्ट : जागेश्वर प्रसाद मिश्रा, विजयराघवगढ़
