किल कोरोना अभियान की गतिविधियों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
अभियान में लगे अमले को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
कटनी – प्रदेशभर में कोविड संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुये अधिक से अधिक जनसंख्या तक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिये किल कोरोना अभियान-3 संचालित है। इस अभियान के तहत गठित दलों द्वारा घर-घर पहुंचकर परिवार में सर्दी, खांसी, बुखार के लक्षणयुक्त रोगियों की पहचान की जा रही है। साथ ही उन्हें प्राथमिक उपचार एवं कोविड-19 के सर्विलांस की कार्यवाही भी मैदानीस्तर पर जारी है। जिले में भी यह अभियान 25 मई तक संचालित किया जा रहा है।
शनिवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर किल कोरोना अभियान-3 का जायजा लिया। विजिट के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा रीठी विकासखण्ड के ग्राम देवगांव, बिलहरी पहुंचे। जहां उन्होने अभियान के तहत दलों द्वारा की जा रही गतिविधियों की जानकारी ली। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अभियान के तहत की जा रही कार्यवाही का क्रॉस चैक भी ग्रामीणों से चर्चा के दौरान लिया। उन्होने इस कार्य में संलग्न अमले से भी चर्चा की। श्री मिश्रा ने अभियान के संचालन के संबंध में दल को जारी निर्देशानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये। इस दौरान विजिट में एसडीएम बलबीर रमन सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी भी मौजूद रहे।
