बेटी पढ़ेगी, बेटी बढ़ेगी, बेटी इतिहास गढ़ेगी यही उद्देश्य है हमारा – कलेक्टर प्रियंक मिश्रा
40 दिनों में 31 हजार 904 बेटियों के सुकन्या समृद्धि खाता खोलकर कटनी बना शीर्ष जिला
1856 बेटियों के खाते की पहली किश्त लोकसेवकों ने की जमा
कटनी – जिले के लिये अच्छी खबर है। कटनी जिला प्रशासन के बेहतर प्रयासों से जिले ने सुकन्या समृद्धि योजना के क्रियान्वयन में सफलता अर्जित की है। कटनी जिला सबसे अधिक सुकन्या खाते खोलकर वित्तीय वर्ष 2020-21 में प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ रहा है। जिले में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशों पर 22 फरवरी से 31 मार्च 2021 तक महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। जिसके तहत जिले की पात्र बेटियों के नाम डाकघरों में भारतीय डाक विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टाफ के समन्वय से सुकन्या समृद्धि खाता खोलने की कार्यवाही की गई।
22 फरवरी से 31 मार्च 2021 तक चलाये गये व्यापक अभियान के सार्थक परिणाम सामने आये और जिले में 31 हजार 904 पात्र बेटियों के नाम से सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खुलवाये गये। कटनी जिले में खुले खातों की संख्या प्रदेश में नंबर एक पर है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग नयन सिंह ने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत अकाउन्ट खोलने के लिये जिले में कार्ययोजना बनाकर कार्य किया गया। जिसके तहत 40 दिनों में ही 31 हजार 904 बालिकाओं के खाते खोले गये। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के उद्देश्य के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग का अमला इस काम में मुस्तैदी से जुटा। प्रत्येक बालिका का खाता 250 रुपये से खोला गया। इसमें खास बात यह भी रही कि 1856 एैसी बालिकाओं जिनके अभिभावक के पास पैसे नहीं थे, उनकी राशि विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों ने स्वेच्छा ने अपनी ओर से जमा कराई।
जबलपुर संभाग के प्रवर अधीक्षक डाकघर पी.एन. पाण्डेय ने इस उपलब्धि के लिये कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को डीईओ लैटर लिखा। साथ ही पूरी टीम को इस कार्य के लिये शुभकामनायें भी दी हैं।
