कलेक्टर एवं प्रशासक श्री प्रियंक मिश्रा ने किया बैराज एवं एनीकट का निरीरक्षण
कटनी – नगर की सुचारू जलापूर्ति एवं नदी के वर्तमान जल स्तर की जानकारी से अवगत होने जिला कलेक्टर एवं प्रशासक प्रियंक मिश्रा द्वारा गुरुवार को नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत जल प्रदाय व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त एवं निगम के अधिकारियों के साथ अमकुही स्थित बैराज एवं कटाए घाट स्थित एनीकट का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को कलेक्टर श्री मिश्रा ने दिये।
कलेकटर श्री मिश्रा ने निरीक्षण के दौरान बैराज में पानी स्टोरेज की कुल क्षमता तथा वर्तमान जलस्तर तथा विगत वर्ष के जलस्तर की जानकारी विभागीय अधिकारियों से ली। जिस बताया गया कि विगत वर्ष अल्प वर्षा होने के कारण बैराज ठीक तरह से भर नही पाया था। वर्तमान में बैराज से आगामी 15 जून तक नगर की जलापूर्ति की जा सकती है। नगर के 70 प्रतिशत स्थलों पर बैराज के माध्यम से व 30 प्रतिशत स्थलों पर ट्यूबवेल एवं अन्य माध्यमों से जलापूर्ति की जा रही है।
इस दौरान नगर की सुचारू पेयजल व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए बरगी दाई तट नहर से पानी लाने के प्रोजेक्ट पर भी चर्चा की गई। नगर के अन्य जल स्त्रोतों को चिनिं्हत कर उनसे भी जलापूर्ति कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देश प्रदान किये गए।
कटाए घाट एनीकट निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक श्री मिश्रा ने जल स्टोरेज की क्षमता में वृ़द्धि करने के लिये एनीकट डाउनस्ट्रीम में लगभग 300 मीटर की दूरी पर नवीन स्टॉप डेम बनाकर पानी स्टोरेज क्षमता को बढ़ाने व स्थल पर सौदर्यीकरण कार्य कराने के निर्देश दिए।
वहीं अमीरगंज स्थित तालाब का विजिट भी कलेक्टर ने किया। इस दौरान उन्होने तालाब के चारों और वृक्षारोपण कराने व तालाब मे मिलने वाले पानी की स्वच्छता के लिये फिल्टर एवं अन्य आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जलप्रदाय विभाग के कार्यपालन यंत्री शैलेश जायसवाल, सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

