गल्ला व्यापारी भानू द्विवेदी को समाजसेवी मयूर जोशी ने किया रक्तदान
समाजसेवी राम बिहारी गोस्वामी द्वारा सोशल मीडिया पर की गई थी रक्तदान की अपील
(पन्ना) जहां बुंदेलखंड क्षेत्र में सगे भाई और उनके भतीजे रक्तदान करने के लिए स्वेच्छा से तैयार नहीं होते हैं और इधर उधर लोग ताकने लगते हैं वही पन्ना शहर में दो ऐसे भाई हैं जो अभी तक लगभग 2 दर्जन से अधिक कुपोषित बच्चों गर्भवती माताओं और परिवार के मुखिया का जीवन रक्तदान करके बचा चुके हैं। हम बात करते हैं पन्ना जिले के अकोला शासकीय माध्यमिक शाला में पदस्थ शिक्षक आकाश जोशी एवं उनके अनुज भ्राता मयूर जोशी की जिन्होंने अभी तक रक्तदान करके लगभग 2 दर्जन से अधिक परिवारों के घरों की खुशियों को बरकरार रखा है। ऐसा ही एक और मामला पन्ना शहर की गल्ला मंडी निवासी गल्ला व्यापारी भानू द्विबेदी का सामने आया है जिन्हें ओ पॉजिटिव खून प्रत्येक माह डायलिसिस होने पर जरूरत पड़ जाता है। ऐसे में अब उनके परिवार के सगे संबंधी लोगों ने भी खून देने से दूरियां बना रखी हैं। उनकी धर्मपत्नी द्वारा 2 माह पूर्व ही रक्तदान किया गया था जिससे वह रक्तदान करने में सक्षम नहीं थी। जब परिवार और रिश्तेदारों में कहीं खून की व्यवस्था नहीं हुई। तब गल्ला व्यापारी श्री दुबेदी की धर्मपत्नी द्वारा दूरभाष के माध्यम से पन्ना जिले के समाजसेवी राम बिहारी गोस्वामी को जानकारी दी गई। समाजसेवी राम बिहारी गोस्वामी द्वारा सोशल मीडिया पर संदेश प्रसारित कर रक्त दान की अपील की गई। व्हाट्सएप पर सूचना पढ़ते ही पन्ना शहर के लिस्सू आनंद विद्यालय के सामने निवासरत वरिष्ठ शिक्षक आकाश जोशी के अनुज भ्राता समाजसेवी मयूर जोशी बिना कोई विलंब किए स्वेच्छा से रक्तदान करने जिला चिकित्सालय पहुंच गए और उन्होंने पीड़ित गल्ला व्यापारी को समय पर खून देकर इंसानियत और मानवता की मिसाल पेश की है। ज्ञात हो कि श्री जोशी का यह रक्तदान 13 वीं बार था। रक्तदान दाता मयूर जोशी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष में तीन से चार बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्तदान करने से किसी भी प्रकार की कमजोरी बीमारी नहीं आती है और जो व्यक्ति अपने सगे संबंधियों को रक्तदान नहीं कर सकते हैं वह किसी के लिए भी रक्तदान नहीं करते हैं । उन्होंने पन्ना जिले के समस्त युवाओं से अपील करते हुए कहा है कि बेखौफ होकर रक्तदान करें और मानवता की मिसाल पेश करें । पन्ना जिले का नाम रक्तदान के मामले में नंबर एक पर पहुंचे इसमें सभी युवा बढ़-चढ़कर सहयोग करें।
इस अवसर पर लैब टेक्नीशियन रामनाथ ओमरे समाजसेवी राम बिहारी गोस्वामी एवं गल्ला व्यापारी की धर्मपत्नी श्रीमती दुबेदी मौजूद रहे।
रिपोर्ट : राम बिहारी गोस्वामी, पन्ना
