ब्रेकिंग न्यूज़ : मंगूभाई पटेल ने संभाला मध्यप्रदेश के राज्यपाल का दायित्व

(भोपाल) राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंगूभाई पटेल को मध्य प्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त किया है। इसके पहले आनंदीबेन पटेल उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश के राज्यपाल पद पर नियुक्त की गई थीं। मध्यप्रदेश के 19वें राज्यपाल मंगू भाई पटेल गुजरात के नवसारी से पांच बार विधायक रह चुके हैं और मोदी कैबिनेट में वन एवं पर्यावरण मंत्री भी रहे हैं। दक्षिण गुजरात के प्रमुख आदिवासी नेता के साथ ही गुजरात में भाजपा को मजबूत करने के लिए उन्हें जाना जाता है। वे 2014 में गुजरात विधानसभा के कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। 2013 में उन्हें गुजरात विधानसभा का डिप्टी स्पीकर भी बनाया गया था।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नवनियुक्त राज्यपाल मंगुभाई पटेल को दी बधाई

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के नवनियुक्त राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल को हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गुजरात के नवसारी विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित श्री पटेल ने अनेक दायित्वों का निर्वहन किया और वे केन्द्रीय मंत्री भी रहे हैं। जनजातीय समाज के उत्थान के लिए उन्होंने अनेक वर्ष कार्य किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री पटेल के सार्वजनिक जीवन में लंबे अनुभव का लाभ मध्यप्रदेश की उत्तरोत्तर प्रगति में मिलेगा। उन्होंने कहा की मैं प्रदेश की जनता की ओर से श्री पटेल का स्वागत और अभिनंदन करता हूँ।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कर्नाटक के नवनियुक्त राज्यपाल श्री थावरचंद गहलोत को भी नए दायित्व के लिए बधाई दी हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश से सांसद के रूप में निर्वाचित होने के पश्चात केन्द्रीय मंत्री के रूप में उल्लेखनीय सेवाएँ देते हुए श्री गहलोत ने अपनी कार्य-शैली से विशिष्ट छाप छोड़ी है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अन्य राज्यों में पदस्थ राज्यपालों को भी नए दायित्व के लिए बधाई दी है। इनमें हरियाणा में पदस्थ श्री बंडारू दत्तात्रेय, झारखंड में पदस्थ श्री रमेश बैस, त्रिपुरा में पदस्थ श्री सत्यदेव नारायण आर्य, गोवा में पदस्थ श्री पीएस श्रीधरन पिल्लई, मिजोरम में पदस्थ श्री हरिबाबू कंभमपति और हिमाचल प्रदेश में पदस्थ श्री राजेंद्र विश्नाथ अर्लेकर शामिल हैं।

 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें