ब्रेकिंग न्यूज़ : आरपीकेपी इंडिया न्यूज़ के एक क्लिक में पढ़ें 12 जुलाई , सोमवार की अहम खबरें
महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरने के लिए 23 शहरों में संवाददाता सम्मेलन करेगी कांग्रेस
(नई दिल्ली) कांग्रेस पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और कई खाद्य वस्तुओं की दामों में बढ़ोतरी के मुद्दे पर सरकार को घेरने के लिए आगामी 15 जुलाई तक देश के 23 शहरों में संवाददाता सम्मेलनों का आयोजन करेगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इन संवाददाता सम्मेलनों को पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रवक्ता संबोधित करेंगे और इनमें महंगाई के कारण जनता का पेश आ रही मुश्किलों का उल्लेख करने के साथ ही सरकार की ‘जनविरोधी नीतियों’ को भी उजागर करेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम दिल्ली, कलमनाथ लखनऊ, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मुंबई और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नागपुर में मीडिया से बातचीत करेंगे।
सूत्रों ने बताया कि इनके अलावा मनीष तिवारी, सलमान खुर्शीद, आनंद शर्मा, दिग्विजय सिंह, सचिन पायलट और पार्टी के कई अन्य नेता एवं प्रवक्ता अलग अलग शहरों में संवाददाता सम्मेलन संबोधित करेंगे। उधर, महंगाई के मुद्दे को लेकर सरकर पर निशाना साधते हुए कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ‘‘नरेंद्र मोदी सरकार के मंत्रिपरिषद विस्तार के एक दिन बाद ही सीएनजी, पेट्रोल और डीजल महंगा हो गया। आज देश के ज्यादातर शहरों में पेट्रोल 100 रुपये और 90 रुपये के पार चला गया है। भूख घरों के दहलीज़ पर खड़ी है, लेकिन सरकार को आम लोगों की चिंता नहीं है।’’

कोरोना वायरस के 37,154 नए मामले आये सामने , 724 लोगों की हुई मौत
(नई दिल्ली 12 जुलाई ) भारत में एक दिन में कोविड-19 के 37,154 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,08,74,376 हो गई। वहीं, देश में संक्रमण मुक्त हुए लोगों की संख्या तीन करोड़ के पार चली गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में 724 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,08,764 हो गई। उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम हो कर 4,50,899 हो गई है, जो कुल मामलों का 1.46 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों में कुल 3,219 की कमी आई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.22 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, अभी तक कुल 43,23,17,813 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 14,32,343 नमूनों की जांच रविवार को की गई। देश में नमूनों के संक्रमित आने की दैनिक दर 2.59 प्रतिशत है। यह पिछले 21 दिनों से लगातार तीन प्रतिशत से कम है। नमूनों के संक्रमित आने की साप्ताहिक दर भी कम होकर 2.32 प्रतिशत हो गई है। अभी तक कुल 3,00,14,713 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। कोविड-19 से मृत्यु दर 1.32 प्रतिशत है। देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की कुल 37.73 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।
आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में जिन 724 लोगों की मौत संक्रमण से हुई, उनमें से महाराष्ट्र के 350 और केरल के 97 लोग थे।मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अभी तक कुल 4,08,764 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,25,878, कर्नाटक के 35,835, तमिलनाडु के 33,418, दिल्ली के 25,015, उत्तर प्रदेश के 22,698, पश्चिम बंगाल के 17,916 और पंजाब के 16,186 लोग थे।

अमेरिका ने चीनी कंपनियों को काली सूची में डाला, चीन ने जवाबी कार्रवाई का लिया संकल्प
(बीजिंग) चीन ने कहा कि वह उइगुर समुदाय और अन्य मुस्लिम जातीय अल्पसंख्यकों के साथ दुर्व्यवहार में कथित भूमिका को लेकर चीनी कंपनियों को काली सूची में डालने की अमेरिका की कार्रवाई का जवाब देने के लिए ‘‘जरूरी कदम’’ उठाएगा। चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका का यह कदम ‘‘चीनी उद्यमों का अनुचित दमन और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक एवं व्यापार नियमों का गंभीर उल्लंघन है।’’ मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि चीन ‘‘चीनी कंपनियों के वैध अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएगा।’’
चीन ने अपने सुदूर पश्चिमी क्षेत्र शिनजियांग में उइगुर समुदाय को लोगों को मनमाने ढंग से हिरासत में रखे जाने और उनसे जबरन श्रम कराने के आरोपों का खंडन किया है। साथ ही उसने अपनी कंपनियों और अधिकारियों के खिलाफ लगाई गई पाबंदियों के जवाब में वीजा एवं वित्तीय संबंधों पर प्रतिबंध लगाने शुरू कर दिए हैं। गौरतलब है कि अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने शुक्रवार को एक बयान में कहा था कि इलेक्ट्रॉनिक और प्रौद्योगिकी कंपनियों एवं अन्य व्यापार इकाइयों ने शिनजियांग में मुस्लिम अल्पसंख्यकों के खिलाफ “चीन सरकार के दमन, सामूहिक हिरासत और उच्च-प्रौद्योगिकी निगरानी के अभियान” को सक्षम करने में मदद की है। इन प्रतिबंधों के तहत अमेरिकी इन चीनी कंपनियों को उपकरण या अन्य सामान नहीं बेच सकते।

भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा शुरू, कोरोना वायरस के मद्देनजर यात्रा मार्ग पर कर्फ्यू
(अहमदाबाद) गुजरात के अहमदाबाद शहर में भगवान जगन्नाथ की 144वीं रथयात्रा सोमवार सुबह शुरू हो गयी। हालांकि कोविड-19 के मद्देनजर लोगों को इसमें भाग लेने से रोकने के लिए यात्रा के मार्ग में लगाए गए कर्फ्यू के कारण इस बार की रथयात्रा को लेकर उत्सव की उमंग और भीड़ नदारद है। लगभग 100 ट्रकों, हाथियों, अखाड़ों और गायन मंडलियों के सामान्य काफिले के बजाय इस साल की यात्रा में केवल तीन रथ शामिल हैं, जिन्हें खलासी समुदाय के लगभग 100 युवा खींच रहे हैं। इसके अलावा चार से पांच अन्य वाहन शामिल हैं। राज्य के गृह मंत्री प्रदीपसिंह जडेजा ने पत्रकारों को बताया कि देवी-देवताओं के दर्शन की खातिर सड़कों पर लोगों की भीड़ जुटने से रोकने के लिए रथयात्रा के पूरे 19 किलोमीटर के मार्ग पर सुबह से दोपहर तक कर्फ्यू लगा दिया गया है।
भगवान जगन्नाथ, उनके भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के रथों की यात्रा यहां जमालपुर क्षेत्र में स्थित 400 साल पुराने जगन्नाथ मंदिर से सुबह करीब सात बजे गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल द्वारा ‘पाहिंद विधि’ संपन्न करने के साथ शुरू हुई। यह विधि ‘‘रथों’’ का रास्ता साफ करने की प्रतीकात्मक रस्म है। देवी-देवताओं की मूर्तियों को रथों पर रखने से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुबह लगभग चार बजे मंदिर में दर्शन किया और ‘मंगला आरती’ में भाग लिया। शहर पुलिस के अनुसार, रथ यात्रा कुछ सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों से भी गुजरती है इसलिए किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मार्ग पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की नौ कंपनियों सहित लगभग 23,000 सशस्त्र कर्मियों को तैनात किया गया है। हर साल रथयात्रा लगभग 12 घंटे में 19 किमी की दूरी तय कर भगवान जगन्नाथ मंदिर वापस पहुंचती है, जिसमें सरसपुर में एक घंटे का भोजन अवकाश भी शामिल है। हालांकि इस बार अधिकारियों ने सुनिश्चित किया है कि सरसपुर में बड़ी भीड़ जमा नहीं हो।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात
(भोपाल) मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली में केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से राजीव गांधी भवन स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात कर केन्द्रीय मंत्री बनने पर शुभकामनाएँ और बधाई दी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया को प्रदेश में 8 नई विमान सेवाएँ ग्वालियर-मुम्बई-ग्वालियर, ग्वालियर-पुणे-ग्वालियर, जबलपुर-सूरत-जबलपुर, अहमदाबाद-ग्वालियर-अहमदाबाद शुरू करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि 16 जुलाई से इन उड़ानों के शुरू हो जाने से प्रदेश के विकास को नई गति को मिलेगी। लोगों को रोजगार मिलेगा, साथ ही पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भोपाल एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव केन्द्रीय मंत्री को दिया और भोपाल एयरपोर्ट को हब के रूप में विकसित किये जाने की माँग की। इसके अलावा ग्वालियर में नये एयरपोर्ट बनाने की स्वीकृति दिये जाने की भी माँग की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर, भोपाल और जबलपुर एयरपोर्ट का विस्तारीकरण, इंदौर में इंटरनेशनल फ्लाइट्स के फेरे बढ़ाने और सिंगापुर एवं खाड़ी देशों के लिए इंदौर से अंतर्राष्ट्रीय विमान सेवा शुरू करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने केन्द्र सरकार की उड़ान योजना के अंतर्गत रीवा, खजुराहो, दतिया, ग्वालियर, भोपाल, जबलपुर में नई उड़ानों को बढ़ावा देने और एयर कनेक्टिविटी की माँग भी की। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा दिये गये प्रस्तावों पर केन्द्र द्वारा हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

मध्यप्रदेश पीएससी की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा के प्रवेश पत्र वेबसाइट पर उपलब्ध
कटनी – मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2020 की संशोधित तिथि जारी की गई है। आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार एमपी पीएससी की प्रारंभिक परीक्षा अब रविवार 25 जुलाई 2021 को आयोजित होगी। प्रारंभिक परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी। सामान्य अध्ययन का प्रथम प्रश्न पत्र का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा सामान्य अभिरूचि परीक्षण का द्वितीय प्रश्न पत्र अपरान्ह 2.15 बजे से शाम 4.15 बजे तक होगा।
इस परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र 12 जुलाई से आयोग की वेबसाइट www.mppsc.nic.in और www.mponline.gov.in पर उपलब्ध रहेंगे। यदि उक्त परीक्षा में सम्मिलित होने वाला कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा के पूर्व कोविड संक्रमित हो जाता है तो उन्हें इसकी जानकारी संबंधित संभागायुक्त या कलेक्टर कार्यालय के परीक्षा प्रभारी अथवा संबंधित केन्द्र अधीक्षक को आरटीपीसीआर रिपोर्ट के साथ देना होगी तथा वहां से प्राप्त अनुदेशों का अनुपालन करते हुए निर्दिष्ट परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

