संकट में व्यापारियों ने बढ़ाये मदद के लिये हाथ
(मुरैना) कलेक्टर श्री बी. कार्तिकेयन के निर्देश पर कलेक्टर कार्यालय में एक बाढ राहत सामग्री लेने एवं वितरित करने के लिये टीम का गठन किया गया है। जिसका सुपरविजन अपर कलेक्टर श्री नरोत्तम भार्गव देख रहे है। टीम में खनिज अधिकारी श्री एसके निर्मल, आबकारी अधिकारी सुश्री निधि जैन एवं परिवहन अधिकारी रितु शर्मा की संयुक्त टीम है। जिले के किसी भी क्षेत्र में राहत सामग्री पहुंचाने के लिये यह टीम तत्परता से कार्य कर रही है। राहत सामग्री में आटा, दाल, तेल, नमक, मिर्च, मसाला, कंबल, कपडे, पका हुआ खाना आदि कोई भी उपलब्ध करा सकता है। समाजसेवियों व दानदाताओं के लिये एक ग्रुप भी बनाया गया है। वर्तमान में कई समाजसेवियों द्वारा अपनी स्वेच्छा से राहत सामग्री दी गई है, जिसका वितरण किया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर श्योपुर जिले में भी राहत सामग्री भेजी जा रही है।
इन्होंने किया राहत सामग्री का वितरण
कलेक्टर ने बताया कि अग्रवाल महासभा मुरैना में पिछले तीन दिनों में 7 हजार 650 खाने के पैकेट मुरैना जिले के विभिन्न स्थानों पर स्वयं एवं प्रशासन के साथ वितरित किये। 8 एवं 9 अगस्त को 2 हजार 350 पैकेट, 10 अगस्त मंगलवार को एक हजार 950 पैकेट खाने के वितरित किये। इसी प्रकार महेश्वरी महिला संगठन मुरैना द्वारा 50 पैकेट दाल, आटा, नमक, मिर्च के राहत के रूप में उपलब्ध कराये, साथ ही पुराने पहनने लायक कपड़े उपलब्ध कराये। अनिल मंगल द्वारा 100 त्रिपाल उपलब्ध करवाये, जिनका उपयोग बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिये किया जायेगा। त्रिपाल का साइज 50×20 एवं 20×20 है। यह सामग्री अम्बाह, पोरसा, सबलगढ़ में जिला प्रशासन द्वारा दी जा रही है। अजय अग्रवाल एवं पैट्रोल पंप संचालकों द्वारा 100 पैकेट उपलब्ध करवायें, जिसमें 10 किलो आटा, 0.5 किलो दाल, 0.5 किलो तेल, नमक, मिर्च, मसाला, व अन्य सामग्री है। यह सामग्री तहसील सबलगढ़ में वितरित के लिये जिला प्रशासन द्वारा दी गई।
