”आत्मसमर्पण करना मेरे शब्दकोश में नहीं”- पंजशीर प्रतिरोध नेता अहमद मसूद
“मैं अहमद शाह मसूद का बेटा हूं तथा अपने देश और कौम की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखूंगा
(नई दिल्ली) अफगानिस्तान में ”पंजशीर प्रतिरोध” की अगुवाई कर रहे अहमद मसूद ने कहा है कि आत्मसमर्पण करना उनके शब्दकोश में नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं अहमद शाह मसूद का बेटा हूं तथा अपने देश और कौम की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखूंगा।”अहमद मसूद के पिता अहमद शाह मसूद के सहयोगी रहे फ्रांसीसी लेखक बर्नार्ड हेनरी लेवी ने कहा कि उन्होंने मसूद से टेलीफोन पर बातचीत की है, जिसमें पंजशीर प्रतिरोध के नेता ने कहा है कि उनका संघर्ष अभी जारी हुआ है तथा जीत हासिल करने तक जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि अफगानिस्तान में तालिबान आतंकवादियों के नेता खलील हक्कानी ने दावा किया था कि अहमद मसूद आत्मसमर्पण के लिए तैयार हो गए हैं। काबुल में पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई और राष्ट्रीय मेल मिलाप उच्च स्तरीय समिति के अध्यक्ष डॉक्टर अब्दुल्ला पंजशीर प्रतिरोध के नेताओं से बातचीत कर रहे हैं। स्वयं को अफगानिस्तान का कार्यकारी राष्ट्रपति घोषित करने वाले अब्दुल्लाह सालेह और अहमद मसूद पंजशीर घाटी में तालिबान के खिलाफ प्रतिरोध को संगठित कर रहे हैं। अफगान सेना के हजारों सैनिक प्रतिरोध में शामिल होने के लिए पंजशीर घाटी पहुंच रहे हैं।
करज़ई और डॉक्टर अब्दुल्ला ने पंजशीर घाटी के बुजुर्ग कबायली नेताओं के साथ बैठक कर सुलह कराने की पहल की है। प्रतिरोध के नेताओं ने कहा है कि देश में एक समावेशी सरकार बननी चाहिए, जिसमें सभी पक्षों का प्रतिनिधित्व हो। वह यह भी चाहते हैं कि देश में महिलाओं और अल्पसंख्यकों के अधिकार सुरक्षित रहें। पंजशीर प्रतिरोध के लड़ाकों ने आसपास के कई जिलों में तालिबानियों को खदेड़ दिया है। एक स्थान पर कई तालिबानी आतंकवादियों को गिरफ्तार भी किया गया है। प्रतिरोध के सूत्रों के अनुसार इनमें कई पाकिस्तानी सैनिक भी शामिल हैं।
