बैंकर्स सहयोगी की भूमिका का करें निर्वहन – कलेक्टर हर्ष दीक्षित

डी.एल.सी.सी. की बैठक में दिए निर्देश 

(राजगढ़) जिले के समस्त बैंकर्स महिला स्व सहायता समूह को बैंक लिंक के लंबित प्रकरणों को दो दिवस में स्वीकृति प्रदान कर वितरण सुनिश्चित करें। स्व सहायता समूहों को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता में है। बैंकर्स सहायोगी की भूमिका का निर्वहन करें तथा निर्धारित वार्षिक लक्ष्यों की पूर्ति एक माह में करने का प्रयास करें। यह निर्देश कलेक्टर श्री दीक्षित द्वारा आयोजित बैंकर्स की डी.एल.सी.सी. की बैठक में समीक्षा के दौरान दिए। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री प्रीति यादव, जिले के समस्त बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं संबंधित कार्यालय प्रमुख मौजूद रहे।
उन्होंने बैकर्स को निर्देशित किया कि हितग्राहियों को संबल प्रदान करने शासन की ऋण मूलक योजना के हितग्राहियों के प्रकरणों की स्वीकृति एवं वितरण में विलंब नही करें और न ही रिजेक्ट करें। यदि किसी प्रकरण में कोई कमी है तो इस संबंध में संबंधित विभाग को लिखित में शीघ्र सूचित करें ताकि कमियों को दूर कर शासन की योजनानुसार हितग्राही को लाभांवित किया जाए।
इस अवसर पर उन्होंने फसल बीमा के ऐसे लंबित प्रकरण जिनमें बैंक त्रुटि के कारण संबंधित कृषक लाभांवित होने से वंचित रह गए है, के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन में किया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग नही देने, रूचि नही लेने तथा प्रगति नही दे पाने जिले के संबंधित बैंकर्स के विरूद्ध उनके वरिष्ठ कार्यालय को पत्र लिखने के निर्देश भी दिए।
आयोजित बैठक में उन्होंने महिला स्व सहायता समूहों के बैंक लिंकेज, शहरी आजीविका मिशन अंतर्गत नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजनान्तर्गत लंबित प्रकरणों की बैंकवार समीक्षा की तथा प्रकरण लंबित नही रखने तथा स्वीकृत प्रकरणों में शतप्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने बैकर्स को निर्देशित किया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें