जबलपुर संभाग में करीब 1482 करोड़ रूपये की जलसंरचनाओं के कार्य जारी
(जबलपुर) लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जबलपुर संभाग में 2362 जलप्रदाय योजनाओं के कार्य जारी हैं जिनकी कुल लागत 1481 करोड़ 66 लाख 96 हजार रूपये है। विभाग के मैदानी कार्यालयों द्वारा जल जीवन मिशन के मापदण्डों के अनुसार कार्य निरंतर जारी हैं। जल जीवन मिशन के अन्तर्गत ग्रामीण आबादी को शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था किए जाने की दिशा में सरकारी प्रयास तेजी से जारी हैं। जहाँ जलस्त्रोत हैं, उनका उपयोग कर आसपास के ग्रामीण रहवासियों को पेयजल प्रदाय किया जायेगा और जहाँ नहीं हैं वहाँ जलस्त्रोत निर्मित किए जायेंगे। प्रदेश की समूची ग्रामीण आबादी के लिए यह व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
जबलपुर संभाग के आठों जिलों के करीब 20 लाख ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन के जरिये जल उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। पूर्ण हो चुकीं जलप्रदाय योजनाओं से 07 लाख 59 हजार से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन के जरिये जल उपलब्ध करवाया जा चुका है।
