प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्हाइट हाउस में अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस से की मुलाकात
(वाशिंगटन) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्हाइट हाउस में अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ अपनी पहली आमने-सामने की बैठक में भारत और अमेरिका को ‘‘स्वाभाविक साझेदार’’ बताया। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका सामरिक साझेदारी को और प्रगाढ़ करने का फैसला किया और लोकतंत्र को खतरा, अफगानिस्तान एवं हिंद-प्रशांत क्षेत्र समेत साझा हित के वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।
मोदी और हैरिस के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘भारत और अमेरिका स्वाभाविक साझेदार हैं। हमारे समान मूल्य, समान भू-राजनीतिक हित हैं।’’ भारत और अमेरिका को सबसे बड़े और सबसे पुराने लोकतंत्र बताते हुए मोदी ने कहा कि दोनों देश मूल्यों को साझा करते हैं और उनका समन्वय और सहयोग भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है।
विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने एक घंटे तक चली बैठक का ब्योरा देते हुए यहां संवाददाताओं से कहा कि दोनों नेताओं ने इस बात की सराहना की कि द्विपक्षीय संबंध मजबूत हुए हैं। दोनों नेताओं के बीच यह पहली मुलाकात है। हैरिस ने इससे पहले जून में भारत में कोविड-19 संकट के दौरान मोदी से फोन पर बात की थी।
मोदी ने हैरिस से कहा, ‘‘आप दुनिया भर में इतने सारे लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि राष्ट्रपति बाइडन और आपके नेतृत्व में हमारे द्विपक्षीय संबंध नयी ऊंचाइयों को छुएंगे।’’ बाद में प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘उपराष्ट्रपति कमला हैरिस से मिलकर खुशी हुई। उनकी उपलब्धि ने पूरी दुनिया को प्रेरित किया है। हमने साझा मूल्यों और सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित कई विषयों पर बात की जो भारत-अमेरिका की मित्रता को और मजबूत करेंगे।’’
हैरिस ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा करना दोनों देशों का दायित्व है और यह दोनों देशों के लोगों के सर्वोत्तम हित में है। उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि दुनिया भर के लोकतंत्र खतरे में हैं ऐसे में यह जरूरी है कि हम अपने-अपने देशों और दुनिया भर में लोकतांत्रिक सिद्धांतों और संस्थानों की रक्षा करें और अपने-अपने देश में लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए निश्चित ही प्रयास करें। जाहिर तौर पर लोकतंत्र की रक्षा करना हमारे देशों के नागरिकों के सर्वोत्तम हित में है।’
