प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका की प्रमुख कंपनियों के सीईओ से भारत में निवेश पर किया विचार
(नई दिल्ली) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका की यात्रा के पहले दिन राजधानी वाशिंगटन डीसी में प्रमुख अमेरिकी कंपनियों के कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) से भारत में निवेश और कारोबार करने के सम्बन्ध में विचार-विमर्श किया। प्रधानमंत्री ने सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी क्वालकॉम के क्रिस्टियानो ई अमोन, एडोब के शांतनु नारायण, अक्षय ऊर्जा कंपनी फर्स्ट सोलर के मार्क विडमार, रक्षा उत्पादन कंपनी जनरल एटॉमिक्स ग्लोबल कॉरपोरेशन के विवेक लाल और निवेश कंपनी ब्लैकस्टोन के स्टीफन ए श्वार्जमैन से मुलाकात की। शांतनु नारायण और विवेक लाल भारतीय मूल के अमेरिकी हैं। सभी उद्यमियों ने मोदी सरकार के निवेश बढ़ाने और कारोबार को आसान बनाने के उपायों की प्रशंसा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा कि भारत में ड्रोन उत्पादन एक उभरता हुआ क्षेत्र है, इसमें युवा वर्ग की विशेष रूप से रुची है। भारत ने क्षेत्र के विकास के लिए बड़े सुधार उपाय किए हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार बैठक में प्रधानमंत्री ने क्वालकॉम के सीईओ अमोन से भारत के दूरसंचार और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में निवेश के अवसरों पर चर्चा की। इसमें इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिज़ाइन और मैन्युफैक्चरिंग के लिए हाल ही में शुरू की गई उत्पादन प्रोत्साहन योजना (प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम) तथा सेमीकंडक्टर आपूर्ति शृंखला विकास आदि शामिल हैं। भारत में स्थानीय नवाचार तंत्र के विकास की रणनीति पर भी चर्चा की गई। बैठक के बाद क्रिस्टियानो अमोन ने कहा कि भारत के साथ अपनी साझेदारी पर हमें बहुत गर्व है।
मोदी और एडोब के सीईओ शांतनु नारायण ने एडोब के भारत में चल रहे कामों और भविष्य की निवेश योजनाओं पर चर्चा की। चर्चा में भारत के प्रमुख कार्यक्रम डिजिटल इंडिया और स्वास्थ्य, शिक्षा और अनुसंधान एवं विकास जैसे क्षेत्रों में नई प्रौद्योगिकियों के उपयोग पर ध्यान केंद्रित किया गया। युवाओं को स्मार्ट शिक्षा प्रदान करने, भारतीय युवाओं द्वारा संचालित अनुसंधान और स्टार्ट-अप क्षेत्र को बढ़ाने तथा सम्बन्ध में प्रौद्योगिकी का उपयोग करने पर भी चर्चा की। शांतनु नारायण ने बैठक के बाद कहा कि भारत की सबसे बड़ी संपत्ति मानव संसाधन है। शिक्षा को प्रोत्साहित करने और डिजिटल साक्षरता होने से एडोब जैसी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों को मदद मिलती है।
