बांग्लादेश में रोहिंग्या नेता की हत्या

(ढाका) बांग्लादेश में रोहिंग्या कैंप में बुधवार देर रात रोहिंग्या शरणार्थियों के एक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि की हत्या कर दी गई। मोहिब उल्लाह करीब 40 साल के एक शिक्षक थे। वह अंतरराष्ट्रीय बैठकों में मुस्लिम जातीय समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रवक्ता के रूप में उभरे थे।

मोहिब उल्लाह साल 2019 में धार्मिक स्वतंत्रता पर आयोजित बैठक में भाग लेने के लिए व्हाइट हाउस भी गए थे। तब डोनाल्ड ट्रंप ने मुलाकात कर म्यांमार में रोहिंग्याओं की पीड़ा और उत्पीड़न के बारे में बात की थी।

मोहिब उल्लाह के कार्यालय में काम करने वाले एक व्यक्ति ने मीडिया को बताया कि वह बुधवार शाम की नमाज के बाद अपने कार्यालय के बाहर कुछ अन्य शरणार्थियों से बात कर रहे थे। उसी दौरान उन्हें गोली मार दी गई। एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर कम से कम तीन बार फायरिंग की। बाद में उन्हें शिविर के ही एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

दक्षिण एशिया में वैश्विक मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल की निदेशक मीनाक्षी गांगुली ने भी मोहिब उल्लाह की मौत पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि उनकी आवाज समुदाय के लिए महत्वपूर्ण थी और इससे समुदाय को अपूरणीय क्षति हुई है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें