ट्यूबवैल पर सो रहे ग्रामीण की कुल्हाड़ी मारकर की हत्या
(मुरैना) जौरा थाना अंतर्गत थरा गांव के हार में ट्यूबवैल पर सो रहे एक किसान की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। इस हत्याकाण्ड की जानकारी परिजनों को शनिवार की सुबह तब हुई जब वह खेत पर पहुंचे जहां ग्रामीण लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। इस घटना से नाराज परिजनों एवं ग्रामीणों ने एमएस रोड पर जाम लगा दिया। कुछ समय पश्चात वहां पहुंचे प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों की समझाईश के बाद ग्रामीण वहां से हटे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थरा गांव निवासी रामेश्वर पुत्र पंचम लाल रावत उम्र 60 वर्ष प्रतिदिन की भांति शुक्रवार की शाम अपने खेत पर सोने के लिए चले गए थे। शनिवार की सुबह 8 बजे तक रामेश्वर जब घर वापस नहीं आए तो उनके परिजन उन्हें देखने के लिए खेत पर गए। खेत पर रामेश्वर बुरी तरह लहूलुहान अवस्था में अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। उनके सिर पर कुल्हाड़ी से गहरा घाव था। परिजन तत्काल ट्रैक्टर से उन्हें जौरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने देखते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रामेश्वर की हत्या से नाराज मृतक के परिजन व ग्रामीण शव को एमएस रोड स्थित रेलवे फाटक पर ले आए और वहां जाम लगाकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान वहां वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पंकज उपाध्याय भी मौके पर आ गए और ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए। जाम एवं धरने की सूचना मिलने पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विनोद सिंह, एसडीओपी मानवेंद्र सिंह, तहसीलदार कल्पना शर्मा, नायब तहसीलदार मनोज धाकड़ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को काफी समझाया।
चूंकि रामेश्वर के परिवार के ही एक सदस्य की हत्या दो साल पहले भी हो चुकी थी लेकिन उस समय उस मामले में पुलिस नहीं कर सकी थी। इसलिए परिजन रामेश्वर की हत्या पर काफी आक्रोश में थे। इस अवसर पर अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि वह जल्द ही हत्यारोपियों का पता लगाऐंगे। लगभग पौन घंटे के जाम और धरने के बाद धरना समाप्त किया गया।
उधर मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर से अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भादिव की धारा 302 का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही एसडीओपी मानवेंद्र सिंह ने जौरा थाने की उप निरीक्षक सौरभ पुरी, यशपाल सिंह एवं अरुण सिंह को इस घटना का खुलासा जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए। धरने पर बैठे कांग्रेसी नेता पंकज उपाध्याय का कहना था कि पूर्व में भी इसी परिवार के एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी, जिसमें परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की थी। लेकिन उस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जौरा क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। बाजारों में दिनदहाड़े गोलियां चल रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अपराधियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई होगी। इसके बाद वहां धरना समाप्त कर शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।

