उज्जैन : भगवान महाकाल की आरतियों का समय बदला

(उज्जैन) विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर में प्रतिवर्ष की भांति इस बार सर्दी के मौसम की शुरुआत होने के चलते गुरुवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष प्रतिपदा से बाबा महाकाल की आरतियों का समय बदल गया है। यहां दिन में पांच बार आरती होती है, जिनमें से तीन आरतियों के समय में परिवर्तन किया गया है, जबकि दो आरतियों का समय यथावत रखा गया है।

महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी महेश पुजारी ने बताया कि भगवान महाकाल की आरतियों का समय साल में दो बार बदलता है। फाल्गुन मास में गर्मी की शुरुआत होने पर और कार्तिक मास में ठंड की शुरुआत होने पर। इसी तरह भगवान महाकाल को स्नान कराने का तरीका भी बदल जाता है। ठंड में महाकाल को अभ्यंग (गर्म जल से) स्नान कराया जाता है।

उन्होंने बताया कि हिंदू पंचाग के अनुसार, आज कार्तिक कृष्ण पक्ष प्रतिपदा से आगामी 18 मार्च 2022 को फाल्गुन पूर्णिमा तक ठंड के कारण भगवान महाकाल की तीन आरतियों के समय में बदलाव हुआ है। उनमें दद्योदन आरती, भोग आरती और संध्या आरती शामिल है। भस्म आरती और शयन आरती के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

उन्होंने बताया कि अभी तक दद्योदन आरती 7.00 बजे से 7.45 बजे तक होती थी, जो अब 7.30 बजे शुरू होकर 8.15 बजे तक होगा। वहीं भोग आरती अभी तक 10.00 बजे शुरू होकर 10.45 बजे तक चलती थी, वह गुरुवार से सुबह 10.30 बजे शुरू होगी और 11.15 बजे तक चलेगी। इसी प्रकार संध्या आरती का समय आधा घंटे पहले कर दिया गया है। अभी तक यह आरती शाम 7.00 बजे से 7.45 बजे तक होती थी। अब यह 6.30 बजे से शुरू होकर 7.15 बजे तक चलेगी।

 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें