कटनी जिले की 182 शालाओं में आयोजित होगी नेस की परीक्षा
182 आबजर्वर, 220 फील्ड इनवेस्टीगेटर की निगरानी में होगा नेस मूल्यांकन
कलेक्टर ने सहायक कलेक्टर अंजली रमेश को नियुक्त किया स्वतंत्र आबजर्वर
कटनी – शासन द्वारा प्रति तीन वर्ष में कक्षा 3,5,8 और कक्षा दसवीं के लिए राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे ‘‘नेस‘‘ का आयोजन किया जाता है। जिसके पीछे उद्देश्य यह है कि छात्रों में सीखने की क्षमता और शिक्षकों में व्यवसायिक दक्षता व कक्षा शिक्षण की सहायता के लिए नीतियां बनाना है। इसको लेकर नेस की परीक्षा का आयोजन 12 नवंबर को जिले में भी किया जाएगा। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर जिले भर चयनित स्कूलों में पिछले कई दिनों से लगातार परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है। जिसमें निगरानी रखने के लिए अलग-अलग विभागों के नोडल अधिकारी भी कलेक्टर श्री मिश्रा ने नियुक्त किए थे।
जिले में 182 शासकीय, अशासकीय, मान्यता प्राप्त व केन्द्रीय विद्यालयों को सेंपल के लिए चुना गया है। सभी 182 शालाओं मंे गुरूवार को नेस पोर्टल द्वारा नियुक्त फील्ड इनवेस्टीगेटर व आबजर्वर आवंटित शालाओं में जाकर कार्य संपादित करेंगे। जिला शिक्षाधिकारी पृथ्वीपाल सिंह ने बताया कि चयनित शालाओं नेस मूल्यांकन के लिए 182 आबजर्वरों को नियुक्त किया गया है और उनके साथ 220 फीेल्ड इनवेस्टीगेटर नियुक्त किए गए हैं। इन सभी के साथ ही कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सहायक कलेक्टर अंजली रमेश को स्वतंत्र आबजर्वर नियुक्त किया है।
जिला शिक्षाधिकारी ने बताया कि नियुक्त किए गए आबजर्वर व फील्ड इनवेस्टीगेटर को पूर्व में नेस की परीक्षा को लेकर प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने बताया कि नेस की परीक्षा में जिले भर में कक्षा 3,5,8 और कक्षा दसवीं के कुल 5460 छात्र शामिल होंगे। शुक्रवार को आबजर्वर व फील्ड इनवेस्टीगेटर सुबह 7.30 बजे शालाओं में पहुंचेंगे। कक्षा 3 व 5 के लिए परीक्षा का समय सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है जबकि कक्षा 8वीं व 10वीं के लिए परीक्षा का समय सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक निर्धारित है। डीईओ ने बताया कि राष्ट्रीय सर्वे उपलब्धि के क्रियांवयन के लिए जिला समन्वयक अतुल इब्राहिम प्राचार्य बार्डस्ले उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटनी को नियुक्त किया गया है। नेस की परीक्षा के लिए सभी आबजर्वर को सामग्री का वितरण गुरुवार को किया गया।

