आयुष्मान योजना का लाभ देने में कोई गड़बड़ी हुई तो होगी कड़ी कार्रवाई- सांसद श्री शर्मा
(कटनी) – आयुष्मान योजना में जिनको वास्तविक जरूरत है, उनके कार्ड बने हैं या नहीं इस बात को देखने की जरूरत है। जिनके कार्ड बने हैं, वे उनका उपयोग कर रहे हैं और जिन्होंने उपयोग किया है, उनको क्या परेशानी आई है, इसकी जानकारी अधिकारी अवश्य लें। निजी अस्पताल यदि हितग्राही को योजना का लाभ देने में गड़बड़ी करते हैं या राशि जमा कराते हैं तो शिकायत पर जांच करें और जांच सही पाई जाए तो कड़ी कार्रवाई करें। यह निर्देश जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान खजुराहो-कटनी सांसद व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने दिए। श्री शर्मा ने नगर के अन्य निजी अस्पतालों को भी योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, जिला पंचायत प्रधान ममता पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष रामरतन पायल, सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम भी मौजूद थे।
आयुष्मान योजना को लेकर विधायक श्री जायसवाल ने योजना को लेकर लोगों की सुविधा के लिए एक मोबाइल नंबर जारी करने व सार्वजनिक स्थानों पर बैनर लगाकर उसका प्रचार-प्रसार करने का सुझाव दिया। जिसमें उन्होंने कहा कि यदि कोई भी हितग्राही से पैसा मांगे तो संबंधित व्यक्ति उस नंबर पर सीधे शिकायत कर सके। बैठक की शुरूआत में सांसद श्री शर्मा ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की। जिसमें कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने आंगनबाडि़यों को गोद लेने, कुपोषण को लेकर किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। कुपोषण मुक्त जिला बनाने की दिशा को लेकर सांसद श्री शर्मा ने कहा कि बच्चों की जानकारी विधान सभावार निकालें और उसके बाद एक अच्छा मॉडल बनाकर उस आधार पर काम करें ताकि जिले से जल्द कुपोषण को समाप्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि गर्भवती माताओं के पोषण पर अधिक फोकस करें, उससे अपने-आप कुपोषण में कमी आएगी।

जननी वाहनों की उपलब्धता को लेकर न हो परेशानी
बैठक मे सांसद श्री शर्मा ने जिले में उपलब्ध जननी वाहनों के संबंध में जानकारी ली। साथ ही कहा कि जननी वाहनों को लेकर किसी तरह की कोई परेशानी नहीं आए, इसका ध्यान रखें। यदि कहीं कोई जरूरत है, उसे पूरा किया जाएगा। जननी वाहनों को लेकर विधायक श्री जायसवाल ने अस्पतालों के अलावा दूरस्थ गांवों की सुविधा के लिए अन्य स्थानों पर भी वाहनों को खड़े करने की व्यवस्था बनाने को कहा ताकि जरूरत में तत्काल महिलाओं को सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में जिले में कोविड की स्थिति की भी समीक्षा सांसद श्री शर्मा ने की। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सांसद को बताया कि जिले में 15-18 वर्ष तक के किशोरों का टीकाकरण कार्य प्राथमिकता से कराया जा रहा है। इसके अलावा एक्टिव केस की जानकारी भी कलेक्टर श्री मिश्रा ने दी और बताया कि पॉजिटिव मरीज सामने आते ही कंटेटमेंट जोन बनाने के साथ ही मेडीसिन किट उपलब्ध कराने के अलावा कंट्रोल रूम के माध्यम से भी मरीजों से जानकारी ली जा रही है। साथ ही बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्थानों पर सेंपलिंग का कार्य भी जारी है।
समय पर जमा हो बिजली के बिल
सांसद श्री शर्मा ने बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम व जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पवई-2 ग्रामीण समूह जलप्रदाय योजना के तहत जिले के 159 गांवों को पेयजल योजना का लाभ मिलेगा। जिसमें विकासखंड रीठी के 109 और मुड़वारा विधानसभा के 50 गांव शामिल हैं। जिसको प्रशासकीय स्वीकृति के लिए भेजा गया है। इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत कराए जा रहे कार्यों की जानकारी भी अधिकारियों ने बैठक में दी। सांसद श्री शर्मा ने कहा कि पंचायतों की नलजल योजनाओं के बिल समय पर जमा हों, इसको सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह सारे काम जनता की सुविधा के लिए उसपर फोकस करें। ठेकेदार लापरवाही करते हैं तो उनपर कार्रवाई करें।
यातायात व्यवस्था की भी हुई समीक्षा
दिशा की बैठक में सड़क सुरक्षा समिति व यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिसमें कलेक्टर श्री मिश्रा ने झिंझरी के पास अस्थाई बस स्टैंड बनाने, शहर में पेड पार्किंग के लिए स्थान चिन्हित करने, ट्रांसपोर्ट नगर व व्यापार विहार की स्थापना के संबंध में जानकारी दी। बैठक में नवीन निर्माण कार्यों में नीचे पार्किंग की व्यवस्था कराने सहित शहर के बैंकों व अस्पतालों में पार्किंग की व्यवस्था को लेकर जांच कार्रवाई करने के निर्देश सांसद श्री शर्मा ने दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन, सीईओ जिला पंचायत जगदीशचंद्र गोमे, अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो सहित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

