कटनी जिले के तीन उर्वरक प्रतिष्ठानों के विक्रय प्राधिकार पत्र किए निलंबित
(कटनी) – किसान कल्याण तथ कृषि विकास उपसंचालक व पदेन उर्वरक पंजीयन अधिकारी एके राठौर ने जिले के तीन उर्वरक विक्रय प्रतिष्ठानों के प्राधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। श्री राठौर ने बताया कि मेसर्स कन्हैयालाल घुमंडमल के संचालक निखिल थदलानी ग्राम शाहपुर विकासखंड कटनी के उर्वरक विक्रय संस्थान का निरीक्षण 14 जनवरी को जिला स्तरीय उर्वरक गुण नियंत्रण दल ने किया था। जिसमें संस्थान द्वारा उर्वरक का विक्रय व भंडार आदेश के अनुरूप नहीं पाया गया था। जिसमें संबंधित को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था लेकिन उनका जबाव संतोषप्रद नहीं रहा। जिसके चलते विक्रय केन्द्र का प्राधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इसी प्रकार मेसर्स गुप्ता ट्रेडर्स के संचालक सुनील कुमार गुप्ता निवासी बरही विकासखंड बड़वारा के विक्रय केन्द्र का दल ने निरीक्षण किया था, जिसमें पीओएस में दर्ज उर्वरक का विक्रय व भंडार भिन्न पाया गया था। संस्था का स्पष्टीकरण संतोषप्रद न होने के कारण विक्रय केन्द्र का भी प्राधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एक अन्य मामले में मेसर्स अग्रवाल ट्रेडर्स के संचालक विवेक अग्रवाल बिलहरी विकासखंड रीठी के विक्रय केन्द्र का भी निरीक्षण दल ने किया था और आदेश के अनुरूप उर्वरकों का भंडार व विक्रय न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नोटिस का जवाब संतोषप्रद न होने पर विक्रय केन्द्र का प्राधिकार पत्र भी निलंबित करने की कार्रवाई की गई है। श्री राठौर ने बताया कि संबंधित विक्रेताओं को एक माह के अंदर संस्थान में उपलब्ध सभी रासायनिक उर्वरकों का विक्रय करने के निर्देश दिए गए हैं और उसके बाद यदि उर्वरक शेष बचते हैं तो उनको राजसात किया जाएगा।
