कलेक्टर और एसपी ने गांव में लगाई चौपाल,दोनों पक्षों के नहीं समझने पर तोड़े गए अवैध निर्माण
(रतलाम) रतलाम जिले के सुराना गांव में हिंदुओं की ओर से मुस्लिम समुदाय द्वारा परेशान करने और इससे मजबूर होकर गांव से पलायन करने की शिकायत के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप रहा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रतलाम कलेक्टर पुरुषोत्तम अग्रवाल और एसपी गौरव तिवारी से बात कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर व एसपी सुराना गांव पहुंचे और चौपाल लगाकर दोनों पक्षों से बातचीत की कलेक्टर ने एक माह में मामले को सुलझाने का आश्वासन दिया, लेकिन हिंदू समुदाय के लोगों ने प्रशासन से स्पष्ट कहा कि – ‘तब तक तो हमारी हत्या हो जाएगी। इसके बाद शाम करीब पांच बजे प्रशासन के अमले ने गांव में अतिक्रमण कर बनाए गए मकानों की नपती की और उन्हें तोड़ दिया।
गांव में स्थापित की गई अस्थायी पुलिस चौकी
कलेक्टर ने दोनों वर्गों के दो-दो लोगों की एक कमेटी गठित की है, जो समाधान के लिए काम करेगी। इसमें एसडीएम व एसडीओपी भी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने हालात सामान्य होने तक गांव में अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित की है। चौकी पर एक एसआइ, एक एएसआई व दस पुलिस जवान राउंंड द क्लाक तैनात रहेंगे।

चौपाल में अपनी पीड़ा बताते हुए रोने लगे ग्रामीण
कलेक्टर और एसपी द्वारा लगाए गई चौपाल में प्रशासन के सामने हिंदुओं का दर्द छलक पड़ा। गांव के पूर्व पटेल 55 वर्षीय ओमप्रकाश जाट ने कहा कि हम मुस्लिम समुदाय की ओर से दी जाने वाली प्रताड़ना के छोटे-छोटे मामलों को नजरअंदाज करते रहे, लेकिन अब रहना मुश्किल हो गया है। वे पीड़ा बताते-बताते पुलिस के लचर रवैये से आहत होकर रो दिए।
शिकायतकर्ता मुकेश जाट ने कहा कि गांव में मुस्लिम समाज के लोग अवैध खनन, सट्टा, जुआ सहित अन्य अवैध काम कर रहे हैं, लेकिन पुलिस हिंदुओं की जांच कराकर रासुका लगाने व जिलाबदर करने जैसी धमकी दे रही है। जब कहीं सुनवाई नहीं हुई, तो परिवार की रक्षा के लिए गांव छोड़कर पलायन करने का निर्णय लेना पड़ा। पिछले दो साल में जब भी पुलिस को अवगत कराया तो कार्रवाई के नाम पर हिंदू वर्ग को ही निशाना बनाया गया।
प्रशासन ने की कड़ी कार्यवाही
रतलाम शहर में गुंडे, बदमाश और सटोरियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ी कार्यवाही की है। राजस्व, पुलिस और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए अवैध रूप से बनाये गये 12 मकान ध्वस्त किये। साथ ही प्रताप नगर में बिना अनुमति के बनाया गया करीब 80 लाख रुपये लागत का मकान भी ध्वस्त किया गया। कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम के निर्देशन में शहर के भाटो का वास, बरगुण्डो का वास, सिलावटों का वास, लोहार रोड, हरदेव लाला की पीपली क्षेत्रों में भी कार्यवाही की गई।

