किशोर-किशोरियों के टीकाकरण हेतु अंतरविभागीय माइक्रोप्लान तय
(विदिशा) विदिशा अनुविभाग क्षेत्र में 15 से 18 आयु वर्ग के विद्यार्थियों के टीकाकरण हेतु किए गए प्रबंधो की आज समीक्षा पुरानी कलेक्ट्रेट के सभागार कक्ष में की गई। अंतरविभागीय समन्वय की उक्त बैठक में माइक्रोप्लान की निहित बिन्दुओं से संबंधितों को अवगत कराया गया है।
एसडीएम श्री गोपाल सिंह वर्मा ने वैक्सीनेशन टीकाकरण की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पूर्व की भांति हम सब अपने दायित्वों का क्रियान्वयन पूर्ण लगन व निष्ठा से कर लक्षित बच्चों का टीकाकरण शत प्रतिशत कराना सुनिश्चित करेंगे। इस कार्य में कोताही ना बरते का आग्रह उन्होंने संबंधितों से किया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एपी सिंह ने बताया कि जिन स्कूलों में टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे उनके समीपवर्ती स्कूलों के बच्चे भी उक्त केन्द्र पर उपस्थित होकर टीकाकरण करा सकेंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा खाली पेट टीका नही लगवाए यह सुनिश्चित किया जाएगा साथ ही यदि कोई बच्चा खाली पेट आ जाता है तो उसे पहले स्वल्पाहार कराने के बाद ही टीकाकरण किया जाएगा। टीकाकरण के लिए खण्ड स्तर पर किए जाने वाले प्रबंधो के संबंध में भी जानकारी दी गई। उन्होने बताया कि ऐसे बीमार बच्चों का टीकाकरण कार्य स्कूलों में नहीं किया जाएगा बल्कि उन्हें खण्ड मुख्यालय के चिकित्सालय में टीकाकरण के प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। उक्त बैठक में ब्लाक मेडिकल आफीसर डॉ सतीश मौर्य, अर्बन नोडल अधिकारी डॉ गजेन्द्र बघेल, खण्ड शिक्षा अधिकारी तथा शासकीय व निजी विद्यालयों के प्राचार्यगण, बीआरसी के अलावा अन्य अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहें।
