स्वच्छता कार्य में लापरवाह पहाड़ी सचिव रामसखा को किया निलंबित

कलेक्टर ने किया परसमनिया, पहाड़ी, गुढ़ा ग्राम का भ्रमण

(सतना) उचेहरा जनपद के परसमनियां पहाड़ी अंचल की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर अनुराग वर्मा ने स्वच्छता परिसर का कार्य 2-3 माह से बंद रखने पर पहाड़ी ग्राम पंचायत के सचिव को निलंबित कर दिया है। कलेक्टर श्री वर्मा ने अपने भ्रमण के दौरान परसमनिया, पहाड़ी और गुढ़ा ग्राम का भ्रमण किया तथा धान खरीदी केन्द्र सहित गांवो के विकास कार्यों का जायजा भी लिया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित राव, एसडीएम एचके धुर्वे, कार्यपालन यंत्री आरईएस अश्वनी जायसवाल एवं सीईओ जनपद प्रभा तेकाम उपस्थित रहीं।
कलेक्टर अनुराग वर्मा ने ग्राम पहाड़ी के भ्रमण के दौरान अनुसूचित जनजाति कार्य विभाग से बन रहे सामुदायिक भवन और आंगनवाड़ी केन्द्र तथा स्वच्छता परिसर के निर्माणाधीन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होने इस दौरान स्वच्छता परिसर का काम विगत 2-3 माह से बंद पाये जाने और स्वच्छता संबंधी कार्यों में लापरवाह पहाड़ी ग्राम पंचायत के सचिव रामसखा नामदेव को निलंबित करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत भवन में बैठकर स्थानीय ग्रामीण एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं से रुबरु बातचीत कर समस्यायें जानीं। इस मौके पर स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने कलेक्टर को बताया कि परसमनिया क्षेत्र में पर्याप्त दूध का उत्पादन होता है। ज्यादातर इसका खोवा-मावा बनाकर विक्रय करते हैं। इसी प्रकार विगत वर्ष कोदो-कुटकी का ढाई किलो बीज लाकर बोया गया था। जिसमें लगभग 10 क्ंिवटल का उत्पादन मिला है। कलेक्टर श्री वर्मा ने महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को विपणन एवं बाजार उपलब्ध कराने तथा दुग्ध उत्पादन की बहुलता पर परसमनिया में बीएमसी (मिल्क शीत प्लांट) की स्थापना के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश आजीविका मिशन ग्रामीण के अधिकारियों को दिये। कलेक्टर ने परसमनिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का भी निरीक्षण किया और वहां पदस्थ डॉ प्रशांत यादव के अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। उन्होने ग्राम गुढ़ा के धान खरीदी केन्द्र के निरीक्षण के दौरान काफी मात्रा में एकत्र धान का परिवहन शीघ्र करने और धान की तौल करने कांटे और मापक की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्र में धान के कम मात्रा में परिवहन और तुलाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर समिति प्रबंधक के प्रति अप्रसन्नता जताई।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें