विस्फोटक भंडारण स्थलों में सुरक्षा की करें जांच, नशीले पदार्थ का अवैध विक्रय करने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई

कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक सुनील जैन के साथ कंट्रोल रूम में ली राजस्वपुलिस व अन्य विभागों की संयुक्त बैठक

शराब माफियाभू-माफियामिलावट से मुक्ति अभियान में संयुक्त कार्रवाई के दिए निर्देश

(कटनी)  जिले में जहां पर भी विस्फोटक सामग्री का विक्रय होता है, उन स्थानों की सघन जांच करें। स्थलों पर सुरक्षा के उपाय पर्याप्त हैं या नहीं इस बात की भी जांच करें। नशीले पदार्थों का अवैध विक्रय करने वालों के ठिकानों पर दबिश दें और कड़ी कार्रवाई करें। इस बात के निर्देश कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने पुलिस कंट्रोल रूम में राजस्व, पुलिस व अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक में दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन भी उपस्थित थे।

            कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि विस्फोटक के भंडारण स्थलों में अनिवार्य रूप से टीमें सुरक्षा के उपाय देखें। शराब व अन्य नशीले पदार्थों का अवैध विक्रय करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करें।  कलेक्टर श्री मिश्रा ने भू माफिया अभियान के तहत जिलेभर में जारी कार्रवाई को लगातार जारी रखने के निर्देश भी बैठक में दिए। साथ ही कहा कि कोई भी भू माफिया बख्शा नहीं जाए। संयुक्त रूप से सभी विभाग मिलकर कार्रवाई करें।

            कलेक्टर श्री मिश्रा ने अवैध उत्खनन व परिवहन पर कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। निर्धारित नाकों के अलावा भी कहीं पर कतिपय लोगों द्वारा नाके बनाए गए हैं तो उनपर कार्रवाई करने के लिये भी निर्देशित किया। यातायात व्यवस्था को लेकर कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि शहर में स्टेशन के पास एकल मार्ग करने से व्यवस्था में सुधार हुआ है और सुबह 10.30 बजे से रात 8.30 बजे तक मार्ग में बड़े वाहन प्रवेश न करें, इसकी व्यवस्था बनाएं। चांडक चौक से घंटाघर मार्ग चौड़ीकरण को लेकर स्थान चिन्हित करने की जानकारी बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने ली। 12 मीटर चौड़ाई के मार्ग में 72 निजी भवन आदि हैं और उसके अलावा 52 नजूल के स्थल शामिल हैं, जिसको लेकर कलेक्टर ने नजूल की तरफ से कार्रवाई प्रारंभ करते हुए निर्माण कराने के निर्देश प्रदान किए।

            बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने मिलावट से मुक्ति अभियान को लेकर संयुक्त दलों को लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि खाद्य सामग्री की जांच करें और मिलावट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। इसके अलावा डीजल-पेट्रोल को लेकर कुछ दिन पूर्व हुई कार्रवाई को भी लगातार जारी रखते हुए कार्रवाई करने के निर्देश बैठक में दिये गए। इस दौरान अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो, सहायक कलेक्टर अंजली रमेश, एएसपी मनोज केडिया सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, नगर निगम व पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें