नन्हवारा कलां ग्राम पंचायत में अनियमितता पाए जाने पर कैशबुक, रजिस्टर जप्त करने के जिला पंचायत सीईओ दिए निर्देश

Advertisement

(कटनी)  जिला पंचायत सीईओ जगदीश चंद्र गोमे शुक्रवार को विजयराघवगढ़ जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति देखी और आवश्यक निर्देश प्रदान किए। देवराकलां ग्राम पंचायत पहुंचकर सीईओ श्री गोमे ने चल रहे निर्माण कार्यों व प्रधानमंत्री आवासों की प्रगति देखी। श्री गोमे ने देवराकला ग्राम पंचायत के प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही राजेश कोल, राजकुमार बागरी, मुन्नी बाई कोल से संवाद कर उनसे निर्माण कार्य संबंधी जानकारी भी ली। साथ ही सभी कार्यो को समय सीमा पर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने के निर्देश प्रदान किए। हितग्राही राजकुमार ने बताया कि महगांव बैंक से उनकी तीसरी किश्त की राशि लोन के कारण काट ली गई है। जिसपर सीईओ श्री गोमे ने बैंक अधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र हितग्राही की राशि वापस कराने के निर्देश प्रदान किए। देवराकला में सीईओ श्री गोमे ने आयुष्मान कार्ड के संबंध में जानकारी ली। जिसमें बताया गया कि अभी तक पंचायत में 320 हितग्राहियों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश भी सीईओ ने प्रदान किए। जलकर, स्वच्छता व संपत्ति कर के संबंध में जानकारी लेते हुए श्री गोमे ने शेष लोगों से कर की राशि जमा कराने के निर्देश भी मौके पर दिए।

            निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत नन्हवारा कला औचक निरीक्षण में पहुंचे सीईओ श्री गोमे ने सचिव से विभिन्न योजनाओं व निर्माण कार्यों के संबंध में जानकारी ली। वर्ष 2020 से 2022 तक के कैशबुक व रजिस्टर आदि की भी जांच की। सीईओ श्री गोमे ने बिना प्रशासनिक व तकनीकी स्वीकृति के राशि का व्यय करने पर कैशबुक व रजिस्टर जब्त करने और पीसीओ को पंचनामा तैयार कर जिला पंचायत में प्रस्तुत करने के निर्देश प्रदान किए। उन्होंने सीईओ जनपद को सहायक यंत्री व पीसीओ के माध्यम से ग्राम पंचायत में कराए गए कार्यों का स्थल निरीक्षण कर विस्तार से प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के भी निर्देश प्रदान किए। ग्रामीणों ने चर्चा के दौरान सीईओ से गांव में नाली व सीसी रोड निर्माण कराने की मांग की। जिसपर सीईओ श्री गोमे ने सहायक यंत्री से स्थल परीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ राकेश शुक्ला भी मौजूद थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें