पीरबाबा, चाका बायपास चैकपोस्ट पर भोजन की व्यवस्था
कटनी – कोरोना संक्रमण से बचाव के दृष्टिगत चल रहे लॉकडाउन अवधि में कटनी शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों एवं अन्य माध्यमों से आने वाले प्रवासी मजदूरों या अन्य व्यक्तियों की पीरबाबा चैकपोस्ट और चाका बायपास चैकपोस्ट पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा स्वास्थ्य जांच एवं अन्य आवश्यक जांच की जा रही है। कलेक्टर शशिभूषण सिंह के निर्देशानुसार इन दोनों चैकपोस्ट पर आने वाले दूसरे प्रांतों एवं जिले के व्यक्तियों को दोनों समय के भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पीरबाबा और चाका चैकपोस्ट नाके पर वाहनों की जांच और उनसे आने वाले व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। इसके साथ ही चैकपोस्ट पर नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराये गये सैनीटाईजर स्प्रेपम्प के माध्यम से वाहनों को भी सैनीटाईज्ड किया जा रहा है और आने वाले व्यक्तियों के हाथ धुलाने साबुन, पानी की व्यवस्था भी की गई है। दूर की यात्रा करके आने वाले ट्रक के ड्राईवर, क्लीनर या अन्य श्रमिकों को इन दोनों चैकपोस्ट पर ही ताजे भोजन की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। राजस्व विभाग द्वारा व्यक्तिगत स्वच्छता और संक्रमण से बचाव के साधन के रुप में शनिवार से साबुन के वितरण की व्यवस्था भी की जायेगी। प्रत्येक व्यक्ति को भोजन और प्रत्येक परिवार को एक साबुन दिया जायेगा।

