कृषि विभाग के नवाचारों को नेशनल कॉन्फ्रेंस में मिली सराहना

खरीफ अभियान-2022 के लिये कृषि विभाग की नई दिल्ली में हुई नेशनल कॉन्फ्रेंस

(भोपाल) मध्यप्रदेश में कृषि विभाग द्वारा किये जा रहे अभिनव प्रयासों को नई दिल्ली में भारत सरकार के कृषि एवं किसान-कल्याण विभाग द्वारा गत दिवस आयोजित “नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन एग्रीकल्चर फॉर खरीफ कैम्पेन-2022” में सराहना मिली है। संचालक किसान-कल्याण तथा कृषि विकास श्रीमती प्रीति मैथिल नायक ने बताया कि कॉन्फ्रेंस में केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं सभी राज्यों के कृषि एवं सम्बद्ध विभागों के प्रमुख सचिव, विभागाध्यक्ष एवं कृषि वैज्ञानिक उपस्थित हुए।

संचालक कृषि श्रीमती नायक ने बताया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस में मध्यप्रदेश में उर्वरक उपलब्धता के बेहतर प्रबंधन के लिये अपनाई जा रही ‘प्री-पोजिशनिंग प्रणाली’, बीज की गुणवत्ता और चिन्हांकन के लिये ‘थ्री-डी चेको क्यू.आर. कोड’ तकनीक, कीटनाशकों की गुणवत्ता नमूना परीक्षण के लिये ‘पेस्टीसाइड क्वालिटी कंट्रोल सॉफ्टवेयर’, पराली जलाने को रोकने के लिये प्रणाली एवं प्रभावी कार्रवाई, तीवड़ा उन्मूलन के लिये उठाये गये प्रभावी कदम, किसान एप, कस्टम हॉयरिंग सेंटर, माँग आधारित फसल विविधीकरण को पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसे कॉन्फ्रेंस में सराहा गया।

संचालक कृषि श्रीमती नायक ने बताया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस में कृषि आदान, उर्वरक, बीज, पौध-संरक्षण, औषधि इत्यादि की पर्याप्त उपलब्धता के लिये रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। इसमें नेचुरल फार्मिंग, मेकेनाइजेशन, डिजिटल एग्रीकल्चर एण्ड पीएम किसान, धान, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के साथ ही अन्य योजनाओं और विषयों पर भारत सरकार के संबंधित संयुक्त सचिवों द्वारा प्रजेंटेशन दिये गये।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें