टीएल की बैठक में कलेक्टर प्रिंयक मिश्रा ने लगाई एसडीएम को फटकार, बोले – फील्ड में जाकर आवास योजना का दिलाये गरीबो को लाभ

(कटनी)  प्रधानमंत्री आवास योजना सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। योजना के अंतर्गत हितग्राहियों के भवन निर्माण में कोई परेशानी आ रही है तो उसका निराकरण करें। सभी एसडीएम फील्ड पर जाएं तो हितग्राहियों की सूची लेकर जाएं और जिनके आवास का काम प्रारंभ नहीं हुआ है, उसका कारण पता लगाते हुए कार्य प्रारंभ कराएं। आवास निर्माण को लेकर कोई भी शिकायत मिले तो उसकी जांच करें और कार्रवाई सुनिश्चित करें। यह निर्देश कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय सीमा की बैठक में दिए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि आवास योजना के हितग्राहियों को कम दामों में सामग्री उपलब्ध हो सके, इसके लिए भी प्रयास किए जाएं। उन्होंने स्वच्छता अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र में सिटीजन फीडबैक अवश्य लें और ग्रामीण क्षेत्रों के कस्बों में सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने के प्रयास करें। पीएम किसान योजना में आधार सत्यापन कार्य को लेकर कलेक्टर श्री मिश्रा ने भ्रमण कर जानकारी लेते हुए प्रकरणों का निराकरण कराने के निर्देश प्रदान किए। वैद्य आपके द्वार योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों को एप डाउनलोड कराने और जिले मंे आयोजित हुए स्वास्थ्य मेलों में जितने लोगों को लाभ मिला उनकी जानकारी एकत्र कर प्रस्तुत करने के निर्देश कलेक्टर श्री मिश्रा ने बैठक में दिए।

शासकीय उत्कृष्ट स्कूल को आदर्श स्कूल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से कराए जाने वाले कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने, लाड़ली लक्ष्मी योजना की हितग्राही कोई भी बालिका की पढ़ाई बीच में बंद न हो, इसके लिए प्रयास करने के निर्देश भी कलेक्टर श्री मिश्रा ने टीएल बैठक में दिए।

आयुष्मान कार्ड बनाने आधार कार्ड सेंटरों में कराएं व्यवस्था

समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र हितग्राहियों के अधिक से अधिक कार्ड बनाने आधार कार्ड सेंटरों में भी व्यवस्था कराने के निर्देश प्रदान किए। अमृत सरोवर के जिन क्षेत्रों में काम प्रारंभ नहीं हुए, उनके कार्य प्रारंभ कराने और जल जीवन मिशन के तहत अधिक से अधिक लोगों को नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश भी कलेक्टर श्री मिश्रा ने बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए।

पेयजल की उपलब्धता को लेकर सभी एसडीएम को प्रतिदिन समीक्षा करने और नलजल योजनाओं या हैंडपंपों आदि के सुधार के लिए छोटी-छोटी राशि पंचायत स्तर से लेकर कार्य कराने के निर्देश संबंधित विभागों को टीएल बैठक में प्रदान किए गए। बिजली विभाग को राशि जमा न होने पर नलजल योजनाओं के कनेक्शन न काटने और कनेक्शन में कोई खराबी आने पर तत्काल सुधार कराने की व्यवस्था कराने के निर्देश भी दिए गए।

सीएम हेल्प लाइन में काम न करने वालों को दें नोटिस

कलेक्टर श्री मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन, 50 दिन से अधिक की लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की और सभी विभागों को शिकायतों को संतुष्टिपूर्ण तरीके से बंद कराने लगातार काम करने और काम न करने वालों को नोटिस जारी करने निर्देश भी दिए। उन्होंने धारणाधिकार, स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री आवासीय भू अधिकार, समर्थन मूल्य खरीदी, पशुपालन विभाग, उद्यानिकी, एडाप्ट एन आंगनबाड़ी, प्रधानमंत्री आवास, संबल योजना, स्वनिधि योजना सहित अन्य विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ जगदीश चंद्र गोमे, अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो, संयुक्त कलेक्टर साधना परस्ते सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें