लीकेज पाइप लाइन का तत्काल कराएं सुधार, मशीनों से कराएं खदानों की सफाई- कलेक्टर प्रिंयक मिश्रा
नगर की जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लेने कलेक्टर ने किया भ्रमण, लोगों से किया संवाद
(कटनी) – नगर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लेने बुधवार को भी कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ नगर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेयजल सप्लाई के संबंध में जानकारी ली और स्थानीय जनों से संवाद भी किया। लीकेज पाइप लाइनों का सुधार कराने और खदानों से जलापूर्ति के लिए उनकी मशीनों के जरिए सफाई कराने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने बुधवार सुबह भट्टा मोहल्ला क्षेत्र का भ्रमण किया। कावस जी वार्ड स्थित पानी की टंकी से पेयजल सप्लाई के क्षेत्रों की जानकारी ली और कॉलोनी में लीकेज पाइप लाइन का तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय निवासियों से टंकी के माध्यम से होने वाली पेयजल सप्लाई व पानी की गुणवत्ता को लेकर चर्चा की। अधिकारियों से नल कनेक्शनों व टंकी सफाई के संबंध में भी जानकारी ली। जिसमें अधिकारियों ने बताया कि 3 से 4 माह में टंकी की सफाई नगर निगम द्वारा कराया जा रही है।
नालों की कराएं अच्छी तरह से सफाई
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कावसजी वार्ड के गढ्डा टोला बस्ती का निरीक्षण करते हुए यूएस मेमोरियल स्कूल के पास स्थित हैंडपंप सेे पानी की उपलब्धता की जानकारी ली और हैंडपंप के पास छाया के लिए टीन शेड लगाने के निर्देश दिए। पाठक वार्ड स्थित बडे़ नाले की सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने नाले की अच्छी तरह से सफाई कराने और गंदगी को रोकने के उपाय करने के निर्देश निगम के अधिकारियों को दिए। गढ्डा टोला बस्ती में हैंडपंप के पास मैदान व नालियों में गंदगी देखकर नाराजगी व्यक्त की और संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
खदानों का निरीक्षण कर दिए सफाई कराने के निर्देश
कलेक्टर श्री मिश्रा ने जलस्तर बढ़ाने को भट्टा मोहल्ला स्थित गढ्डा टोला खदान, कावसजी वार्ड स्थित शमशान घाट पानी की टंकी के सामने स्थित खदान और राम निवास सिंह वार्ड स्थित खदान का निरीक्षण किया। उन्होंने कावसजी वार्ड में खदानों में पानी की उपलब्धता व गहराई की जानकारी ली और नियमानुसार टेंडर जारी करते हुए सफाई करने वालों या मशीनों के माध्यम से खदानों की सफाई कराने के निर्देश दिए। राम निवास सिंह वार्ड स्थित खदान के निरीक्षण के दौरान तत्काल ही मशीनों से सफाई कराने के निर्देश नगर निगम आयुक्त सतेन्द्र धाकरे को दिए। गढ्डा टोला खदान के निरीक्षण के साथ ही कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्थानीय जनों से जलापूर्ति के संबंध में जानकारी ली। पेयजल समस्या होने पर क्षेत्र के हैंडपंप में मोटर फिट कर क्लोरोमीटर डालकर जलापूर्ति की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने गढ्डा टोला दुर्गा मंदिर के पीछे और कावसजी मुक्तिधाम के पास कराई बोरिंग से पाइप लाइन जोड़ते हुए सप्लाई की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने बस्ती के बच्चों से भी चर्चा कर उनकी पढ़ाई और वैक्सीनेशन के संबंध में जानकारी ली और पात्र बच्चों के अभिभावकों को वैक्सीनेशन कराने के लिए प्रेरित किया।
आपरेटर रामनाथ से पूछा- पानी की गुणवत्ता कैसी है
कावसजी वार्ड शमशान घाट के पास स्थित पानी टंकी के आपरेटर रामनाथ से कलेक्टर श्री मिश्रा ने संवाद कर सप्लाई के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने आपरेटर से टंकी की क्षमता, किन क्षेत्रों में पानी की सप्लाई होती है, पानी की गुणवत्ता कैसी है और पाइप लाइन कहीं लीकेज तो नहीं है, इस संबंध में जानकारी ली। जिसमें आपरेटर ने बताया कि पानी की की गुणवत्ता ठीक रहती है और सभी नल कनेक्शनों में पानी उपलब्ध हो रहा है। उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव से टंकी को भरने के लिए पानी के प्रेशर एवं फिल्टर के संबंध में भी कलेक्टर ने जानकारी ली।
बाईपास कटनी नदी का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा पेयजल उपलब्धता को लेकर बाईपास पुल पहुंचकर कटनी नदी का निरीक्षण किया गया। उन्होंने प्रभारी कार्यपालन यंत्री शैलेष जायसवाल पानी की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। जिसपर प्रभारी कार्यपालन यंत्री ने बताया कि टनल के वेस्ट वाटर को कटनी नदी में मिलाकर चैनल कटिंग के माध्यम से बैराज तक पानी लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नदी में जमा शिल्ट को हटाने के लिए पुल निर्माण करने वाली कंपनी को सफाई कराने पत्र लिखने के निर्देश प्रदान किए। इस दौरान नगर निगम अधिकारी उपस्थित थे।

