मंत्री हरदीप सिंह डंग ने शामगढ़-सुवासरा उद्वहन सिंचाई परियोजना का लिया जायजा

चंबल नदी से मिलेगी 81 हजार हेक्ट.. क्षेत्र में सिचाई सुविधा

(भोपाल) पर्यावरण, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री हरदीप सिंह डंग ने सोमवार को शामगढ़-सुवासरा उद्वहन सिंचाई परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। मंदसौर जिले के ग्राम किलगारी निर्माण स्थल पर मंत्री श्री डंग को अधिकारियों ने अवगत करवाया कि परियोजना से किस तरह चंबल का पानी सिंचाई के लिए गाँव में पहुँचेगा। श्री डंग ने कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए, समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मंत्री श्री डंग ने बताया कि 1662 करोड़ रूपए की यह महत्वाकांक्षी योजना क्षेत्र के 81 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचित करेगी। हर किसान का सपना होता है कि उसके खेत में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी हो, जो अब पूरा होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैरे राजनीतिक जीवन का भी यही सपना था कि सुवासरा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक खेत तक चंबल नदी का पानी पहुँचा सकें। उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का आभारी हूँ, जिनके सहयोग से मैरा सपना साकार हो रहा है और क्षेत्र के किसानों की तकदीर भी बदलेगी।

श्री डंग ने कहा कि शामगढ़-सुवासरा सिंचाई योजना का काम प्रगति पर है। साथ ही कयामपुर-सीतामऊ सिंचाई परियोजना भी स्वीकृत होकर आकार लेने जा रही है। इस योजना से 1 लाख 12 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। लगभग 2374 करोड़ रुपए की लागत की इस योजना के बाद सुवासरा विधानसभा क्षेत्र का एक भी खेत चंबल के पानी से वंचित नहीं रहेगा। इतनी बड़ी योजना का साकार होना क्षेत्र के लिए क्रांतिकारी सौगात है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें