पौध-रोपण कर हम जिन्दगी रोपते हैं – मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

(भोपाल) मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मैंने प्रतिदिन पौध-रोपण का संकल्प लिया था। यह संकल्प अब अभियान में बदल गया है। अब प्रतिदिन मेरे साथ कोई न कोई सामाजिक संगठन अथवा पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्था पौधे लगाती है। पौधे लगाने की यह गतिविधि मूलत: धरती को बचाने का एक प्रयास है। पौध-रोपण कर हम जीवन रोपते हैं, क्योंकि पौधा न केवल हमें ऑक्सीजन देता है अपितु यह वृक्ष बन कर कई जीव-जन्तुओं को आश्रय भी देता है, वृक्ष पृथ्वी को नवजीवन देने का स्रोत है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जबलपुर के सर्किट हाउस नं.-1 के परिसर में नीम और बरगद का पौधा लगाने के बाद उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों से यह बात कही। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी से अपने जन्म-दिन, विवाह वर्षगांठ और परिजन की पुण्य-स्मृति में वृक्षारोपण करने का आहवान किया। वृक्षारोपण में जन-अभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र जामदार सहित जबलपुर के प्रतिष्ठित वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता सम्मिलित हुए।

आज लगाया गया नीम का पौधा एंटीबायोटिक तत्वों से भरपूर औषधि के रूप में जाना जाता है। बरगद के पेड़ को वट वृक्ष या बड़ भी कहा जाता है। बरगद का धार्मिक महत्व है। साथ ही आयुर्वेद के अनुसार बरगद के पेड़ से कई बीमारियों का इलाज संभव है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें