MP Election Update : आरपीकेपी इंडिया न्यूज़ पर कटनी जिले की चुनाव से जुड़ी बड़ी खबरें

सीईओ जिला पंचायत ने सेक्टर अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही करने की दी सीख

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन के दौरान स्टेप बाय स्टेप प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए

(कटनी) राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन 2022 के कार्यक्रम की घोषणा की है। तीन चरणों में होने वाले निर्वाचन को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर मतदान दलों को जिले के प्रत्येक विकासखंड में निर्धारित दो.दो केन्द्रों में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

            जिला पंचायत सभागार में शुक्रवार को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में 124 सेक्टर अधिकारियों को मास्टर ट्रेनर्स के साथ ही मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जगदीश चंद्र गोमे ने भी निर्वाचन संबंधी जानकारी दी। साथ ही शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए आयोग के निर्देशानुसार कार्य करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीईओ जिला पंचायत श्री गोमे ने अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कठिनाई आने पर निर्वाचन आयोग के निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करते हुए आवश्यक कार्यवाही संपादित करें। श्री गोमे ने मतदान दलों को बरती जाने वाली सावधानियों सहित मतदान कराने के तौर-तरीकों की भी जानकारी दी। सीईओ जिला पंचायत श्री गोमे ने कहा कि सेक्टर ऑफिसर्स को भी मतदान की गति को दृष्टिगत रखते हुए पोलिंग पार्टियों को गाइड करते रहना चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों द्वारा किए गए सवालों एवं शंकाओं का समाधान भी सीईओ जिला पंचायत श्री गोमें द्वारा किया गया।

            निर्वाचन प्रशिक्षण में उप जिला निर्वाचन अधिकारी साधना परस्ते द्वारा भी मतदान दलों में नियुक्त अधिकारियों को निर्वाचन के दौरान स्टेप बाय स्टेप प्रक्रिया पूर्ण करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि इस बार त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के मतदान में मतपत्र का प्रयोग किया जाएगा, इसलिए पूरी प्रक्रिया समझदारी एवं सुसंगत ढंग से संपादित करना होगा। निर्वाचन प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर राजेंद्र असाटी एवं अभय जैन द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया।

सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं आवश्यकता के संबंध में जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश

(कटनी)- त्रिस्तरीय पंचायत, आम निर्वाचन एवं नगरीय निकाय 2022 हेतु नियुक्त नोडल अधिकारी आई.टी. प्रबंधन एवं सांख्यकीय आंकडों के प्रबंधन के लिये जिला सूचना अधिकारी एन.आई.सी एवं प्रबंधक जिला ई-गर्वनेन्स सोसाईटी जिला कटनी को सौपे गए दायित्वों के संबंध में अब तक की गई तैयारियों के संबंध में अवगत कराने हेतु आदेशित किया गया है।

            उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन कटनी द्वारा आदेश जारी करते हुए संबंधितों को निर्वाचन पर्यवेक्षक, सामान्य निर्वाचन से समन्वय स्थापित कर सी.सी.टी.वी. कैमरों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करते हुए शेष उपयोग में आने वाले कैमरों की आवश्यकताओं का पंचायतवार, निकायवार, तिथि एवं समय का उल्लेख करते हुये आकलन तैयार कर नस्ती का अनुमोदन जिला निर्वाचन अधिकारी कटनी से कराने के निर्देश प्रदान किये है।

मतदान सामग्री वितरण स्थल का ले-आउट सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी उपलब्ध कराने संबंधित अधिकारियों को दिये गये निर्देश

(कटनी)- त्रिस्तरीय पंचायत एवं आम निर्वाचन 2022 एवं नगरीय निकाय 2022 हेतु नोडल अधिकारी मतदान सामग्री वितरण एवं सामग्री स्थल प्रबंधन के लिये आयुक्त नगर निगम कटनी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी समस्त जनपद पंचायत एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी कैमोर, विजयराघवगढ, बरही को सौपे गए दायित्वों के संबंध में अब तक की गई तैयारियों के संबंध में अवगत कराने के निर्देश प्रदान किये गए है।

            उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन कटनी द्वारा आदेश जारी करते हुए संबंधितों रिटर्निंग आफिसर से समन्वय स्थापित कर मतदान सामग्री वितरण वापसी स्थल का ले-आउट एवं उपयोग मे आने वाले टेन्ट सामग्री आदि का आंकलन तैयार कर पंचायतवार, निकायवार, तिथि एवं समय का उल्लेख करते हुये आकलन तैयार कर नस्ती का अनुमोदन जिला निर्वाचन अधिकारी कटनी से कराने के निर्देश प्रदान किये गए है।

मतगणना दिवस पर स्वल्पाहार सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में प्रस्तुत करें जानकारी – उप जिला निर्वाचन अधिकारी

(कटनी)- त्रिस्तरीय पंचायत एवं आम निर्वाचन 2022 एवं नगरीय निकाय 2022 हेतु नोडल अधिकारी मतदान सामग्री वितरण जमा एवं मतगणना दिवस पर चाय, स्वलपाहार, पानी एवं भोजन व्यवस्था हेतु जिला आपूर्ति अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी समस्त जनपद पंचायत एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी कैमोर, विजयराघवगढ, बरही को सौपे गए दायित्वों के संबंध में अब तक की गई तैयारियों के संबंध में अवगत कराने के निर्देश प्रदान किये गए है।

            उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन कटनी द्वारा आदेश जारी करते हुए रिटर्निग आफिसर से समन्वय स्थापित कर उनके द्वारा इस कार्य में संलग्न किये गए अधिकारियों कर्मचारियों की संख्या की जानकारी प्राप्त करते हुए सामग्री वितरण जमा एवं मतगणना दिवस पर चाय, स्वलपाहार पानी एवं भोजन आदि की व्यवस्था पंचायतवार एवं निकायवार तिथि एवं समय का उल्लेख करते हुये आकलन तैयार कर नस्ती का अनुमोदन जिला निर्वाचन अधिकारी कटनी से कराने के लिये निर्देशित किया गया है।

मतदान एवं मतगणन सामग्री वितरण तथा वापसी के लिये की गई तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश

(कटनी)- त्रिस्तरीय पंचायत एवं आम निर्वाचन 2022 एवं नगरीय निकाय 2022 हेतु नोडल अधिकारी सामग्री प्रबंधन मतदान-मतगणना सामग्री व्यवस्था वितरण एवं वापसी के लिये नियुक्त जिला संस्थागत वित्त अधिकारी, एवं परियोजना अधिकारी डूडा जिला कटनी को सौपे गए दायित्वों के संबंध में अब तक की गई तैयारियों के संबंध में अवगत कराने के निर्देश प्रदान किये गए है।

            उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन कटनी द्वारा आदेश जारी करते हुए रिटर्निग ऑफिसर से समन्वय स्थापित कर प्रबंधन मतदान- मतगणना सामग्री व्यवस्था वितरण आदि का पंचायतवार एवं निकायवार आकलन तैयार कर अधोहस्ताक्षरकर्ता के माध्यम से नस्ती का अनुमोदन जिला निर्वाचन अधिकारी कटनी से करानें हेतु निर्देशित किया गया है।

मतपत्रों के मुद्रण एवं वितरण को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश

(कटनी)- त्रिस्तरीय पंचायत एवं आम निर्वाचन 2022 एवं नगरीय निकाय 2022 हेतु मतपत्रों का प्रबंधन मुद्रण एवं वितरण हेुत नोडल अधिकारी को सौपे गए दायित्वों के संबंध में अब तक की गई तैयारियों के संबंध में अवगत कराने के निर्देश प्रदान किये गए है।

            उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन कटनी द्वारा आदेश जारी करते हुए संबंधित रिटर्निग ऑफिसर से 10 जून 2022 को अम्यर्थियों के नाम वापसी समय के तत्काल पश्चात सम्पर्क कर पंच, सरपंच, जनपद सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य के निर्वाचन हेतु मुद्रण कराये जाने वाले मतपत्रों की वार्डवार पदवार संख्या का आंकलन करते हुए नस्ती का अनुमोदन जिला निर्वाचन अधिकारी कटनी से कराने के लिये निर्देशित किया गया है।

निर्वाचन कार्य से मुक्त किये गए लोक सेवकों को मुख्यालय में ही उपस्थित रहने के निर्देश

(कटनी)- त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन  एवं नगरीय निकाय निर्वाचन 2022 में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों को उनके द्वारा दर्शाये गये कारणों के दृष्टिगत रखते हुए उन्हे तत्कालीन परिस्थितियों में निर्वाचन कार्य से मुक्त किया गया है।

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जिला कटनी द्वारा समस्त विभागों के विभाग प्रमुख को निर्देशित किया गया है कि ऐसे समस्त अधिकारी – कर्मचारी जिन्हे उनके आवेदन के आधार पर तत्कालीन परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए निर्वाचन कार्य से मुक्त किया गया है वे मुख्यालय पर ही उपस्थित रहे। त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन, नगरीय निकाय निर्वाचन 2022 के आगामी चरणों मेें अधिकारी कर्मचारियों की कमी होने पर उन्हें आवश्यकता अनुसार नियुक्त किया जा सके।

स्थानान्तरित कर्मचारियों को अनुमोदन के पश्चात ही करें कार्यमुक्त – कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी

(कटनी)- त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन एवं नगरीय निकाय निर्वाचन 2022 के संपादन का कार्य प्रारंभ हो चुका है। राज्य एवं केन्द्र सरकार के अधीन कार्यरत विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारियों का स्थानान्तरण आदर्श आचार संहिता प्रारंभ होने के पूर्व शासन द्वारा किया गया है।

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जिला कटनी द्वारा समस्त विभाग प्रमुखों को अपने विभाग के अंतर्गत स्थानान्तरित किये गये अधिकारी एवं कर्मचारियों को अनुमोदन के पश्चात ही कार्यमुक्त करनें को कहा गया है।

नगरीय निकायों के निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन आज

नाम निर्देशन पत्र भी किया जा सकेगा जमा

(कटनी) राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों नगर पालिक निगम, नगरपालिका परिषद, और नगर परिषद के आम निर्वाचन वर्ष 2022 के लिए घोषित कार्यक्रम के मुताविक शनिवार 11 जून को निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन किया जायेगा। इसके साथ ही नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की भी प्रक्रिया शुरू हो जायेगी।

            आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार शनिवार 11 जून को ही सीटों के आरक्षण के संबंध में सूचना और मतदान केन्दों की सूची का प्रकाशन किया जायेगा।

            नाम निर्देशन पत्र शनिवार 18 जून को दौपहर 3 बजे तक जमा किये जा सकेगें।  जबकि नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 20 जून 2022 दिन सोमवार प्रातः 10ः30 बजे होगी।

            अम्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 22 जून 2022 बुधवार  प्रातः 10ः30 से दोपहर 3ः00 बजे तक तथा निर्वाचन लड़नें वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार करना और निर्वाचन प्रतीकों का आबंटन भी 22 जून को अभ्यर्थिता से नाम वापसी के ठीक बाद किया जावेगा।

            मतदान दो चरणों में संपादित किया जायेगा। प्रथम चरण का मतदान 6 जुलाई 2022 दिन बुधवार एवं द्वितीय चरण का मतदान 13 जुलाई 2022 दिन बुधवार को प्रातः 7 बजे से अपरान्ह 5 बजे तक किया जावेगा। मतगणना और निर्वाचन परिणामों की प्रथम चरण की घोषणा 17 जुलाई 2022 दिन रविवार एवं द्वितीय चरण की घोषण 18 जुलाई 2022 दिन सोमवार को प्रातः 9 बजे से की जायेगी।

2 लाख 27 हजार से अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के मुताबिक जिले मे प्रथम चरण मे 06 जुलाई को नगर पारिषद विजयराघवगढ व कैमोर मे मतदान होगा। जबकि द्धितीय चरण मे 13 जुलाई को नगर निगम कटनी और नगर परिषद बरही मे मतदान होगा। कटनी नगर निगम कटनी नगर निगम सहित तीनों नगर परिषद को मिलाकर कुल दो लाख 27 हजार 232 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर निर्वाचित जनप्रतिनिधि चुनेंगे।

            प्रथम चरण मे 06 जुलाई को नगर परिषद विजयराघवगढ में मतदान होगा। यहां 3503 पुरूष और 3432 महिला मतदाता है। जबकि नगर परिषद कैमोर मे 7968 पुरूष एवं 7709 महिला तथा एक अन्य श्रेणी का मतदाता है। नगर परिषद बरही मे 5712 पुरूष एवं 5519 महिला तथा नगर पालिक निगम कटनी सीमान्तर्गत 97444 पुरूष एवं 95935 सहित 9 अन्य मतदाता है।

निर्वाचन प्रेक्षक श्री खरे ने ढीमरखेडा के मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण दिये जरूरी निर्देश

(कटनी)  राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा कटनी जिले के लिए नियुक्त निर्वाचन प्रेक्षक राज्य प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी शैलेन्द्र खरे ने शुक्रवार को विकास खण्ड ढीमरखेडा के मतदान केन्द्रों और चुनाव सामग्री वितरण एवं प्राप्ती केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नदीमा शीरी ने प्रेक्षक श्री खरे को निर्वाचन से संबंधित की गई व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की जानकारी दी। प्रेक्षक श्री खरे ने की गई प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, मतदान केन्द्रों मे मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता और प्रशिक्षण कार्य की प्रगति का भी जायजा लिया।

            निर्वाचक प्रेक्षक श्री खरे ने जनपद पंचायत कटनी मे आयोजित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में शिरकत किया। इस मौके पर एस.डी.एम प्रिया चंद्रावत भी मौजूद रहीं । श्री खरे ने आदर्श आचार संहिता के दायरे में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष निर्वाचन हेतु  जरूरी निर्देशों की जानकारी दी ।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें