MP Election Today Update : आरपीकेपी इंडिया न्यूज़ पर पंचायत चुनाव से जुड़ी बड़ी खबरें

चुनावी मैदान में सचिव की तीन पत्नियां, CEO ने जारी किया नोटिस

(सिंगरौली) मध्यप्रदेश में पंचायत चुनाव का संग्राम जारी है. नित नई कहानियां भी सामने आ रही है. ऐसी ही कहानी सामने आई है सिंगरैली जिले के देवसर तहसील क्षेत्र के कठदहा ग्राम पंचायत से. यहां एक पंचायत सचिव की तीन पत्नियां चुनावी मैदान में उतर गई हैं. उसकी दो पत्नियां पिपरखाड़ पंचायत से सरपंची लिए पर्चा भरा है. वहीं एक ने उर्मिला सिंह ने पेड़रा वार्ड न. 13 से पंचायत सदस्य के लिए नामांकन दाखिल किया है.

तीनों पत्नियां मैदान में

कठदहा के पंचायत सचिव सुखराम सिंह की तीन पत्नियां पंचायत चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रही हैं. पहली पत्नी गीता सिंह पिपरखाड़ पंचायत से सरपंच प्रत्याशी हैं. दूसरी पत्नी कुसुम कली को यह बात रास नहीं आई, उसने भी पीपरखाड़ से ही पर्चा भर दिया है. इसके बाद तीसरी पत्नी उर्मिला सिंह भी चुनावी मैदान में वार्ड न. 13 से जनपद सदस्य के लिए पर्चा भर दिया.

पंचायत सचिव को जारी किया गया नोटिस

हालांकि, तीनों पत्नियों के नामांकन दाखिल करने के बाद जिले में सुखराम की पत्नियों का चर्चा जोरों पर है. इस पूरे मामले को लेकर देवसर जनपद के सीईओ वीके सिंह ने हिंदू विवाह अधिनियम 1955 के अंतर्गत 2 या उससे अधिक पत्नियों के कारण अनुशासनत्मक कार्रवाई से पूर्वक कारण बताए जाने का नोटिस भी जारी कर दिया है.

तीन विवाहों को लेकर क्या है कानून

सचिव को भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि प्रावधान के अनुसार एक पत्नी के जीवित रहते दूसरा विवाह प्रतिबंधित है. इसे नजरअंदाज करने पर भादंवि 1860 की धारा 494 के अंतर्गत 7 वर्ष के सश्रम कारावास का प्रावधान है. सीइओ बीके सिंह के मुताबिक, अभी सचिव ने कोई जवाब नहीं दिया है. सचिव को जनपद कार्यालय में अटैच किया गया है.

विकासखंड स्तर पर बनने वाले अस्थाई स्ट्रांग रूम में लगेंगे सीसीटीव्ही कैमरे

(भोपाल) पंचायत निर्वाचन में जिन विकासखंडों में मतगणना की अनुमति दी गई है, वहाँ पर मतपेटी को रखने के लिए बनाए गए अस्थाई स्ट्रांग रूम में सीसीटीव्ही कैमरे लगाने के निर्देश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए हैं। नगरीय निकाय एवं पंचायत निर्वाचन के लिए बनाए गए स्थाई स्ट्रांग रूम में सीसीटीव्ही कैमरे लगाने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं।

सिनेमा घर और नगरीय निकाय के वाहनों से होगा जिंगल्स का प्रसारण

(भोपाल) मतदाताओं एवं अभ्यर्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार कराये गए जिंगल्स का प्रसारण नगरीय निकायों के वाहनों में लगे ध्वनि यंत्रों के माध्यम से कराने के निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिये गए हैं।

सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्री राकेश सिंह ने कहा है कि सिनेमा घरों, नगरीय निकाय के फेसबुक पेज और व्हाट्सऐप ग्रुप में भी जिंगल्स प्रसारित किये जा सकते हैं।

अन्य राज्यों में मान्यता प्राप्त दलों के अभ्यर्थियों को भी करें वर्गीकृत

(भोपाल) सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्री राकेश सिंह ने सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन आधिकारियों को निर्देशित किया है कि नगरीय निकाय निर्वाचन में प्रतीकों के आवंटन में अन्य राज्यों में मान्यता प्राप्त दलों के अभ्यर्थियों को भी वर्गीकृत किया जाये। राज्यीय दल जो अन्य राज्य में मान्यता प्राप्त है, उनकी मान्यता के आधार पर उनके निर्वाचन प्रतीक सुरक्षित रखे गए हैं।

श्री सिंह ने कहा है कि सभी जिलों को निर्वाचन सामग्री के साथ राष्ट्रीय दलों एवं अन्य राज्यों में मान्यता प्राप्त दलों के चुनाव चिन्हों का चार्ट उपलब्ध कराया गया है। प्रतीक आवंटन के लिए आईईएमएस में भी तदनुसार प्रावधान किया गया है।

निर्वाचन प्रेक्षक ने नगर निगम कटनी क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण

(कटनी)- त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के दृष्टिगत राज्य निर्वाचन आयोग मध्यप्रदेश द्वारा कटनी जिले के लिये राज्य प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी शैलेन्द्र खरे को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। प्रेक्षक श्री खरे ने शनिवार को बरही पहुंचकर रिटर्निंग ऑफिसर बरही से निर्वाचन के संबंध मे की गई तैयारियों की जानकारी प्राप्त की जाकर सामग्री वितरण एवं वापसी स्थल का निरीक्षण किया।

 प्रेक्षक श्री खरे ने नगर निगम कटनी क्षेत्र के कृषि उपज मंडी में नगरीय निकाय के स्ट्रांग रूम, मतदान सामग्री वितरण एवं प्राप्त केन्द्रों निरीक्षण किया गया। प्रेक्षक श्री खरे द्वारा नगर निगम कटनी के जनपदों हेतु सामग्री वितरण केन्द्र का भी जायजा लिया जाकर आवश्यक निर्देश प्रदान किये गए। शाककीय माध्यमिक शाला चाका एवं संवेदनशील मतदान केन्द्रों का निरीक्षण के दौरान एसडीएम कटनी प्रिया चंद्रावत, सीईओ जनपद राजेश नरेन्द्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

सामग्री वितरण एवं वापसी हेतु अधिकारी कर्मचारी के ड्यूटी आदेश जारी

(कटनी)- त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 को दृष्टिगत रखते हुए रिटर्निंग ऑफिसर ढीमरखेडा द्वारा दिनांक 24 जून 2022 को प्रातः 6 बजे से सामग्री वितरण एवं दिनांक 25 जून 2022 को शाम 6ः00 बज से सामग्री वापसी हेतु शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेडा पौडी कला में अधिकारियों कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

          जारी आदेशानुसार सामग्री वितरण एवं वापसी हेतु 23 नेडल अधिकारी, 92 सहयोगी अधिकारी कर्मचारी सहित 6 मास्टर ट्रेनर नियुक्त किये गए है तथा रिजर्व दल के रूप में 2 नोडल अधिकारी सहित 8 सहयोगी अधिकारी कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है।

 

शांतिपूर्णस्वतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन कराने प्रतिबंधात्मक आदेश जारी

(कटनी)- नगरीय निकायों के आम निर्वाचन वर्ष 2022-23 हेतु निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गयी हैं, जो 19 जुलाई तक प्रभावशील रहेगी। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कटनी प्रियंक मिश्रा ने जिले की समस्त राजस्व सीमाओं के भीतर दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। ताकि स्वतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन निर्विघ्न कराया जा सके।

          जारी आदेश के मुताबिक किसी भी व्यक्ति को चुनाव प्रचार-प्रसार रैली, सभा स्थलो आदि में किसी भी प्रकार के घातक अस्त्र-शस्त्र जानमाल सुरक्षा हेतु स्वीकृत शस्त्र एवं फसल सुरक्षा हेतु स्वीकृत लायसेन्सो में दर्ज शस्त्रों एवं फरसा, बल्लम, तलवार, भाला, चाकू, छुरा, कुल्हाडी, गुप्ती, बरछी, त्रिशूल, इत्यादि लेकर आना-जाना अथवा उनका सार्वजनिक स्थल पर उपयोग व प्रदर्शन करने से प्रतिबंधित किया गया हैं। कोई भी राजनीतिक दल या व्यक्ति कटनी जिले की राजस्व सीमाक्षेत्र के अन्तर्गत किसी भी धार्मिक स्थान पर न तो आम सभा का आयोजन करेगा और न ही ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग करेगा।

          निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कोई भी राजनीतिक दल या अभ्यर्थी अनाधिकृत आयोजन अथवा जुलूस नही निकालेगा और न ही आपत्तिजनक नारेबाजी करेगा और नही आपत्तिजनक पोस्टर, पम्पलेट वितरित करेगा। कोई भी राजनीतिक दल अथवा उनके द्वारा आमसभा, जुलूस, प्रदर्शन, घ्वानि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग बगैर सक्षम अधिकारी की लिखित अनुमति के बिना नहीं करेगा।

          कोई भी राजनैतिक दल अथवा कोई व्यक्ति किसी सार्वजनिक स्थान या शासकीय या अर्धशासकीय संपत्ति स्थल, भवन भूमि परिसर, संरचना आदि का उपयोग समयाचना करने के उद्देश्य से नही करेगा एवं कोई पोस्टर, बैनर, दीवार पर लेखन, दीवार पर निर्वाचन प्रतीक दल के प्रतीक झण्डे आदि नही लगायेगा तथा किसी भी प्रकार का लेख आदि नही करेगा। इसी प्रकार निजी सम्पत्ति पर बगैर भूमिस्वामी की लिखित अनुमति के उपरोक्त कार्य नही करेगा।

          आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति पर धारा 188 भारतीय दण्ड संहिता एवं विविध अधिनियम और निर्वाचन नियम के अन्तर्गत दण्ड के भागी होगें।

निर्वाचन प्रेक्षक श्री खरे 26 जून तक जन सामान्य से हर दिन शाम 600 बजे से रात 800 बजे तक मिलेंगे

(कटनी)- राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा कटनी जिले के लिए नियुक्त निर्वाचन प्रेक्षक शैलेंद्र खरे 26 जून तक कटनी में रहेंगे । श्री खरे राज्य प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं । प्रेक्षक श्री खरे सर्किट हाउस के कक्ष क्रमांक 5 में ठहरे हैं।  कोई भी व्यक्ति चुनाव से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या शिकायत श्री खरे के मोबाइल नंबर 93401 10606 पर दे सकता है। प्रेक्षक श्री खरे से 26 जून तक प्रतिदिन शाम 6ः00 बजे से रात 8ः00 बजे तक जनसामान्य भेंट कर चुनाव से संबंधित शिकायत और समस्याओं की जानकारी दे सकता है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर आबकारी विभाग ने की कार्यवाही

3495 किलो महुआ लाहन एवं 40 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त

(कटनी)-स्थानीय निर्वाचन 2022 को दृष्टिगत रखते हुए कटनी जिले में अवैध मदिरा के संग्रहण परिवहन विक्रय निर्माण रोकथाम हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के आदेशानुसार एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री आर.के.बघेल के निर्देशन में निरंतर कार्यवाहियां की जा रही है। अवैध मदिरा के संग्रहण परिवहन एवं विक्रय निर्माण रोकथान के लिए आबकारी वृत्त विजयराघवगढ में आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त दविश में ग्राम दारोडी, शांतिनगर, घुनौर मैं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री जी पी केवट एवं श्री परमानन्द कोरचे के नेतृत्व में कुल जप्ती 3495 किलो ग्राम महुआ लाहन, 40 लीटर हाथ भट्टी मदिरा कुल 5 न्यायालयीन प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) क एवं च के पंजीबद्ध किये गये। मौके पर महुआ लाहन का सैंपल लिया जाकर नष्ट किया गया। जप्त किये गये लहान तथा मदिरा की अनुमानित राशि लगभग 1,80,750/- रूपये है। उपरोक्त कार्यवाही के दौरान आबकारी उपनिरीक्षक श्री अभिषेक सिंह बघेल, श्री महेन्द्र कुमार शुक्ला, श्री केशव प्रसाद उइके, श्री के.के.पटेल, श्री एस.डी.सिंह सुश्री मोना दुबे एवं पुलिस उपनिरीक्षक विनोद सिह  आबकारी आरक्षक श्री चन्द्रप्रकाश त्रिपाठी, श्री राजेश गौटिया, श्री राम सिंह उपस्थित रहे है, एवं इस प्रकार आगे भी कार्यवाही जारी रहेगी।

 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें