24 जून को राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू दाखिल कर सकती हैं नामांकन, प्रधानमंत्री मोदी बन सकते है पहले प्रस्तावक?

Advertisement

(भोपाल) भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के 24 जून को नामांकन दाखिल करने की संभावना है। इस दौरान उनके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित एनडीए के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। सूत्रों ने कहा कि पीएम मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री, व बीजू जनता दल जैसे कुछ अन्य सहयोगी दलों के प्रमुख नेता मुर्मू के साथ मौजूद रहेंगे। नामांकन दाखिल करने के दौरान खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्रौपदी मुर्मू के पहले प्रस्तावक हो सकते हैं।  बता दें कि राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को अपने नामांकन के लिए 50 प्रस्तावकों और 50 अनुमोदकों की आवश्यकता होती है। भाजपा सूत्रों ने बताया कि मुर्मू के समर्थन में कम से कम चार सेट नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। निर्वाचन आयोग ने 16वें राष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए कहा था कि इस शीर्ष संवैधानिक पद के लिए चुनाव लड़ने की आकांक्षा रखने वाले किसी भी व्यक्ति को प्रस्तावक के तौर पर 50 सांसद, विधायक और अनुमोदक के तौर पर 50 अन्य की जरूरत होगी। इस कदम का उद्देश्य इस चुनाव से गैर गंभीर उम्मीदवारों को बाहर करना है।

इस संदर्भ में भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भी मतदान प्रक्रिया में शामिल पार्टी नेताओं के साथ बैठक की है। वे मुर्मू के अभियान का नेतृत्व करने के लिए देश भर में यात्रा करेंगे। वह सांसदों और विधायकों से बने राष्ट्रपति निर्वाचक मंडल के सदस्यों तक पहुंचेंगी और अपने लिए समर्थन मांगेंगी।  भाजपा की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था, संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने झारखंड की पूर्व राज्यपाल और आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी की घोषणा की थी। राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी दलों की ओर से संयुक्त उम्मीदवार के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को मैदान में उतारा गया है। इस चुनाव में यदि मुर्मू की जीत होती है तो वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी। 64 वर्षीय मुर्मू झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं।

मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। विपक्षी उम्मीदवार के रूप में सिन्हा के नाम की घोषणा के बाद अगले राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए 18 जुलाई को मतदान होना अब तय माना जा रहा है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया जारी है। 29 जून नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। खबर है कि विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा 27 जून को अपना नामांदन दाखिल कर सकते हैं। हालांकि अगर आंकड़ों की बात करें तो वे मुर्मू के पक्ष में हैं, खासकर बीजद के समर्थन के बाद, यह लगभग तय है कि मुर्मू देश की अगली राष्ट्रपति हो सकती हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *