सरहिन्द पंजाब से 400 मजदूरों को लेकर पहुंची श्रमिक स्पेशल ट्रेन
श्रमिकों की सुरक्षित वापसी का सिलसिला जारी
कटनी – मध्यप्रदेश सरकार द्वारा रेल्वे मंत्रालय के सहयोग से लॉकडाउन अवधि में अन्य प्रान्तों में फंसे मध्यप्रदेश के निवासी मजदूरों, छात्र-छात्राओं एवं जरुरतमंद व्यक्तियों के सुरक्षित और सुविधाजनक घर वापसी के प्रयास निरन्तर जारी हैं। इसी क्रम में सरहिंद पंजाब से 400 मजदूरों को लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन शनिवार की प्रातः कटनी पहुंची। प्लेटफॉर्म 2 से यात्रियों को उतारकर बसों के माध्यम से पन्ना, सतना, छतरपुर, सिहोरा, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया सहित अन्य जिलों के लिये रवाना किया गया।
कलेक्टर शशिभूषण सिंह और पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार के निर्देशन में रेल्वे स्टेशन और यात्री चैकपोस्ट बैरियर पर रेल और बसों या अन्य साधनों से आने वाले मजदूरों एवं आम नागरिकों के स्क्रीनिंग स्वास्थ्य जांच, भोजन पानी, वाहनों की सैनीटाईजेशन व्यवस्था एवं उनके घर तक छोड़ने परिवहन के साधनों की सुचारु व्यवस्था की गई है। सरहिन्द पंजाब से पहुंची श्रमिक स्पेशल से कटनी उतरे यात्रियों को रेल्वे, पुलिस, स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने सुरक्षात्मक ढंग से बसों में बिठाकर गंतव्य के लिये रवाना किया। कटनी जिले के यात्रियों की पृथक से स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य जांच कर उनके घरों के लिये रवाना किया। इस मौके पर अपर कलेक्टर साकेत मालवीय, एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा, सीएसपी शशिकांत शुक्ला सहित रेल्वे, नगर निगम, परिवहन, पुलिस, आरपीएफ एवं जीआरपी स्टाफ उपस्थित रहे।
इसी प्रकार हबीबगंज से चलकर रीवा जाने वाली श्रमिक स्पेशल ट्रेन 02159 में शनिवार को कटनी स्टेशन पर कुल 148 यात्री उतरे। जिनमें अनूनपुर जिले के 119 और कटनी जिले के 29 यात्री शामिल रहे। सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग जांच और जलपान की व्यवस्था के साथ अनूनपुर के यात्रियों को 3 बसों में तथा कटनी के यात्रियों को एक बस में बिठाकर उनके घरों की ओर रवाना किया गया। उधर सड़क मार्ग से बसों या अन्य वाहनों से आने वाले मजदूरों की जांच और उनके गंतव्य तक पहुंचाने पीरबाबा, चाका बायपास, बड़गांव बैरियर पर टेन्ट लगाकर मजदूरों के भोजन, पानी एवं स्वास्थ्य जांच के प्रबंध किये गये हैं।

