MP Election Special : आरपीकेपी इंडिया न्यूज़ पर कटनी जिले की चुनाव से जुड़ी बड़ी खबरें

दूसरे चरण में 47 जिलों की 106 जनपद पंचायतों की 7655 ग्राम पंचायतों में एक जुलाई को होगा मतदान

(भोपाल) त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के दूसरे चरण में एक जुलाई को 47 जिलों की 106 जनपद पंचायतों की 7655 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। मतदान सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक होगा। इन निर्वाचन क्षेत्रों में एक जुलाई को स्थानीय अवकाश रहेगा। मतदान के तुरंत बाद मतदान केन्द्र में ही मतगणना होगी। मतदान के लिए कुल 23 हजार 967 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। दूसरे चरण में एक करोड़ 31 लाख 44 हजार 27 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्री राकेश सिंह ने जानकारी दी है कि जिला राजगढ़ के जीरापुर, खिलचीपुर, जिला रायसेन के उदयपुरा, गैरतगंज, बेगमगंज, जिला सीहोर के नसरूल्लागंज, इछावर, जिला विदिशा के सिरोंज, नटेरन, जिला खरगोन के महेश्वर, बड़वाह, खण्डवा के खालवा, पुनासा, जिला धार के गंधवानी, उमरबन (बाकानेर), धरमपुरी, मनावर, जिला झाबुआ के झाबुआ, मेघनगर, रानापुर, रामा, जिला बुरहानपुर के खकनार, जिला अलीराजपुर के अलीराजपुर, जोबट, जिला बड़वानी के ठीकरी, राजपुर, निवाली, जिला गुना के राघौगढ़, चाचोड़ा, जिला शिवपुरी के पिछोर, नरवर, कोलारस, जिला अशोकनगर के ईसागढ़, जिला दतिया के सेवढ़ा, भाण्डेर, जिला जबलपुर के मझौली, पाटन शाहपुरा, छिंदवाड़ा के सौंसर, पांढुर्ना, परासिया, बिछुआ, जिला सिवनी के लखनादौन, घंसौर (कहानापस), धनोरा, बालाघाट के लांजी, किरनापुर, कटंगी, जिला मंडला के घुघरी, मोहगांव, मंडला, जिला डिंडौरी के डिंडौरी, अमरपुर, जिला कटनी के बड़वारा, कटनी, जिला उज्जैन के खाचरौद, घटिया, जिला नीमच के जावद, जिला रतलाम के बाजना, सैलाना, शाजापुर के मोमन बड़ोदिया, जिला आगर-मालवा के आगर, जिला मंदसौर के सीतामउ, भानपुरा, जिला देवास के देवास टोंकखुर्द, सोनकच्छ, जिला सागर के मालथौन, बण्डा, देवरी, बीना, जिला छतरपुर के बड़ामलहरा, बकस्वाहा बारीगढ़ (गौरीहार), जिला दमोह के जबेरा, हटा, जिला टीकमगढ़ के टीकमगढ़, पलेरा, जिला निवाड़ी के पृथ्वीपुर, जिला पन्ना के गुन्नौर, पवई, शाहनगर, जिला रीवा के रीवा, रायपुर कर्चुलियान, गंगेव, जिला सिंगरौली के देवसर, जिला सीधी के रामपुर नैकिन, मझौली, जिला सतना के नागौद, अमरपाटन, रामनगर, जिला नर्मदापुरम के सिवनी मालवा, पिपरिया, जिला बैतूल के घोड़ाडोंगरी, मुलताई, आठनेर, चिचोली, जिला शहडोल के ब्योहारी, जयसिंह नगर, जिला उमरिया के मानपुर, जिला अनूपपुर के जैतहरी, जिला भिंड के अटेर, भिंड, जिला श्योपुर के कराहल और जिला मुरैना के मुरैना एवं जौरा जनपद पंचायत में एक जुलाई को मतदान होगा।

चुनाव मोबाइल एप में मिलेगी चुनाव संबंधी जानकारी

(भोपाल) नगरीय निकाय एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन वर्ष- 2022 के लिए मतदाता एवं अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु “चुनाव” मोबाइल एप (एंड्राइड आधारित) को अद्यतन किया गया है। एप के माध्यम से चुनाव संबंधी जानकारियाँ प्राप्त की जा सकती हैं।

सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्री राकेश सिंह ने जानकारी दी है कि ”चुनाव” एप में मतदाता की जानकारी, महापौर, पार्षद, जिला पंचायत सदस्य और जनपद पंचायत सदस्य पद के अभ्यर्थी की जानकारी मय शपथ-पत्र के सार-पत्र अनुसार उपलब्ध है। एप में महापौर, पार्षद, जिला पंचायत सदस्य और जनपद पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणाम भी मिलेंगे।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने कटनी एवं बड़वारा जनपद क्षेत्र के मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

निर्वाचन शांतिपूर्णनिर्विघ्न और निष्पक्ष कराने अधिकारियों को दिए निर्देश

(कटनी) – त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2022 के तहत राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार द्वितीय चरण मे जनपद क्षेत्र कटनी एवं बड़वारा में शुक्रवार 01 जुलाई को मतदान सम्पन्न होना है। निर्वाचन की तैयारियों की आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंक मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन ने गुरूवार को कटनी एवं बड़वारा जनपद निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्वाचन शांतिपूर्ण, निर्विध्न और निष्पक्ष कराये जाने के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिए।

                        कलेक्टर श्री मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने संयुक्त रूप से जनपद क्षेत्र कटनी के पहाडी, जरवाही, देवरी हटाई सहित अन्य मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों में की गई आवश्यक व्यवस्थाओं के सम्बंध में जानकारी ली। श्री मिश्रा ने मतदान केन्द्रों मे दिव्यांगों हेतु रैंप, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता तथा बारिश की आशंका को देखते हुए आवश्यक तैयारियों को पूर्ण कराने के निर्देश अधिकारियों को दिये। मतदान केन्द्रों मे प्रकाश की समुचित व्यवस्था हेतु वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिये। मतदान केन्द्रों की प्राथमिक व्यवस्थाओं पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने संतुष्टि जाहिर की ।

            इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रियंक मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार जैन ने कन्या प्राथमिक शाला बडवारा मे बनाये गए आदर्श मतदान केन्द्र का की व्यवस्थाओं को देखा। शासकीय महाविद्यालय बडवारा पहुंचकर स्थापित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली जाकर आवश्यक व्यवस्थाए सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। तत्पश्चात श्री मिश्रा द्वारा ग्राम विलायत कला, भजिया के एवं अन्य मतदान केन्द्र्रों का निरीक्षण किया जाकर आवश्यक निर्देश प्रदान किए। इस दौरान श्री मिश्रा ने छात्र छात्राओं से मध्यान्ह भोजन की जनकारी ली। भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने मतदान दलों हेतु मतदान सामग्री वितरण एवं वापसी स्थल तथा मतदान केन्द्रों पर मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराये जाने के निर्देश दिए ताकि मतदान दलों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

            त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन शांतिपूर्ण, निर्विघ्न और निष्पक्ष को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा ग्राम बडवारा, विलायत कला, भजिया और भुडसा में फ्लैग मार्च कर गा्रमीण जनों को र्निभीक होकर मतदान करने का संदेश दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मिश्रा ने नागरिकों से संवाद करते हुए र्निर्भीक होकर अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की।

            पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार जैन ने मतदान केंद्रों में तैनात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण निर्विघ्न और निष्पक्ष कराने हेतु पेट्रोलिंग, मोबाईल, एवं अन्य पुलिस अमले को आवश्यक निर्देश दिए। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान समाप्ति के लिए नियत किए गए समय के साथ समाप्त होने वाले पिछले 48 घंटों की कालावधि के दौरान सार्वजनिक सभा, जुलूस, प्रचार-प्रसार, रैली, इत्यादि को प्रतिबंधित किया गया है, तदनुसार अधिकारियों को पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

            इस दौरान एस.डी.एम प्रिया चंद्रावत, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, जनपद सी.ई.ओ कटनी राजेश नरेन्द्र सिंह, सी.ई.ओ बडवारा सुरेन्द्र तिवारी, पुलिस निरीक्षक बड़वारा अंकित मिश्रा एवं पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

सी.एम. हेल्पलाइन की शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण में जिला पंचायत का उत्कृष्ट प्रदर्शन

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव ने सी.ई.ओ. जिला पंचायत श्री गोमे को जारी किया प्रशंसा पत्र

(कटनी) – सी.एम. हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के मामले में राज्य शासन द्वारा मई माह तक अर्जित प्रगति की समीक्षा के बाद जारी की गई ग्रेडिंग में कटनी जिले का स्थान प्रदेश में अब्बल रहा है।

            पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव ने मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जगदीश चन्द्र गोमे को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन मे दर्ज शिकायतों के निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर माह मई 2022 मे 83.65 प्रतिशत वेटेज प्राप्त कर ए ग्रेड प्राप्त करने पर अर्द्धशासकीय पत्र के द्वारा प्रशंसा पत्र जारी किया है। प्रमुख सचिव श्री उमराव ने सी.एम हेल्पलाईन का कार्य कर रहे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कर भविष्य में भी इसी तरह से शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण कराने की अपेक्षा की है।

मतदान दलों को सुविधा प्रदान करनेकलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मिश्रा ने दिये निर्देश

(कटनी) – त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन एवं नगरीय निकाय आम निर्वाचन  2022 की प्रक्रिया प्रचलन मे है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रियंक मिश्रा ने निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने के दृष्टिगत रखते हुए मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन सामग्री, वितरण एवं वापसी स्थल पर चिन्हित बिन्दुओं पर सतत् रूप से उद्घोषणा करने के निर्देश दिये है, ताकि मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री प्राप्त करने, वापसी और मतदन केन्द्रों में असुविधा न हो।

            कलेक्टर श्री मिश्रा ने मतदान दलों को निर्देश दिये है कि वे प्राप्त सामग्री का मिलान सावधानी पूर्वक कर लें। अभ्यर्थियों के नमूना हस्ताक्षर एवं मतपत्र पर घूमते तीरों वाली सील के ठीक होने का परीक्षण भी कर लेवें। मतपत्रों का मिलान प्रथम और अंतिम क्रमांक देखकर नही बल्कि गणना करते हुए करें। पंच पद, के मतपत्र जारी करते समय वार्डवार रखें। मतपेटी खोलने/बंद करने, मतपत्र के सिंगल/डबल फोल्ड करने का अभ्यास भी सतत् रूप से मतदान दल करंे। मतदान का समय समाप्त होने के बाद मतदाताओं को वितरित की गई पर्चियांॅ शत प्रतिशत वापस ले लें, एवं एक दिन पूर्व कम से कम 100 पर्चियॉं तैयार कर लंे।

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मिश्रा ने कहा कि मतदान केन्द्र पर पुनर्गणना एवं अपरिहार्य स्थिति में मतगणना स्थगित होने की दशा में संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर स्तर पर मतगणना हेतु निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करें। निर्धारित प्रक्रिया के संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप एवं मास्टर ट्रेनर से संवाद कर विधिमान्य कार्यवाही करें।

            कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्वाचन प्रक्रिया को सहज, सुलभ एवं पारदर्शी बनाये रखने हेतु मतदान केन्द्र पर निरीक्षण करने आये सेक्टर अधिकारी या निर्वाचन आयोग से अनुमति प्राप्त अधिकारियों के हस्ताक्षर विजिट शीट पर अनिवार्य रूप से लेने के निर्देश दिये है। उन्होने यह भी कहा कि पीठासीन अधिकारी मतदान दल के सदस्यों से क्षमता के अनुसार कार्य करायें।

सीईओ जिला पंचायत ने अमृत सरोवर छहरी और इमलिया का किया निरीक्षण

छहरी में निर्देशों के अनुरूप कार्य नहीं कराने से जताई नाराजगीतीन दिवस में खुदाई कार्य पूर्ण कराएंदिए निर्देश- श्री गोमे

(कटनी)- बारिश के पानी को सहेजने जिले भर में जल संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है । जल संवर्धन एवं संरक्षण हेतु अमृतसरोवरों का निर्माण कार्य प्राथमिकता से कराए जाने हेतु कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर सीईओ जिला पंचायत श्री जगदीशचंद्र गोमे द्वारा निरंतर भ्रमण करते हुए निर्माणाधीन अमृत सरोवर का निरीक्षण किया जा रहा है। मंगलवार को श्री गोमे ने जनपद कटनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इमलिया एवं छहरी के निर्माणाधीन तालाबों का निरीक्षण किया। इमलिया में कार्य की प्रगति संतोषजनक पाई एवं मेढ़ में आवश्यक सुधार कार्य के निर्देश दिए। छहरी में निर्देशों के अनुरूप सुधार कार्य नहीं कराए जाने पर नाराजगी व्यक्त की एवं तीन दिवस में खुदाई कार्य पूर्ण कराने के साथ एक सप्ताह में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश प्रदान किये। सीईओ जिला पंचायत गोमे द्वारा विगत सप्ताह उक्त ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर सरोवर निर्माण में आवश्यक सुधार करते हुए कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए थे। श्री गोमें ने निर्माण एजेंसी को हिदायत देते हुए कहा कि ऐसे तालाबों का निर्माण करें जिनमें बारिश के पानी से पर्याप्त मात्रा में जलभराव हो।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशिक्षण केन्द्र पहुंचकर मतदान दलों से किया संवाद

त्रुटि रहित निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया हेतु दिए टिप्स

(कटनी) – उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन साधना परस्ते ने गुरूवार  को मॉडल स्कूल मे मतदान दलों को प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहुंचकर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का अवलोकन किया। निर्वाचन की प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षार्थियों से संवाद कर चुनाव प्रक्रिया एवं राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों की जानकारी दी।

            उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित निर्वाचन कर्मियों से कहा कि मतदान के पूर्व मतपेटी खोलने एवं सील लगाने का अभ्यास बार-बार करंे। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदत्त, निर्धारित प्रारूपों को त्रुटिरहित भरने का सत्त रूप से प्रयास करें, ताकि मतदान दिवस के दिन मतदान प्रक्रिया का निष्पादन समय पर हो सके। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान दल के सभी सदस्य समन्वय स्थापित कर निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करें। इस दौरान उपस्थित कर्मियों द्वारा किये गये प्रश्नों का समाधान भी किया गया। उन्होने कहा कि मतदान प्रारंभ होने से समापन होने तक की प्रक्रिया निष्पक्ष, निर्विध्न रूप से करें। प्रशिक्षण सत्र में  मास्टर ट्रेनर अभय जैन ने भी चुनाव प्रक्रिया के संबंध में मतदान कर्मियों को जानकारी दी।

नगरीय निकाय निर्वाचन

6 एवं 13 जुलाई को मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित

(कटनी) – राज्य शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने आदेश जारी कर नगरीय निकायों के आम निर्वाचन के दोनों चरणों की तिथियों के दिन परक्राम्य लिखित अधिनियम (निगोशिएबल इन्स्ट्रूमेंट्स एक्ट) के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। पहले चरण का मतदान बुधवार 6 जुलाई को और दूसरे चरण का मतदान बुधवार 13 जुलाई को जिले के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में होना है। इन तारीखों के दिन संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली नगरपालिक निगम, नगरपालिका परिषद, नगरपरिषद एवं अन्य स्थानीय संस्थानों में कार्यरत अधिकारियों कर्मचारियों को निर्वाचन में मतदान के अधिकार का उपयोग सुविधाजनक रूप से करनें के लिए संबंधित क्षेत्र में मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।

मतदाता जागरूकता अभियान की गतिविधियां निरंतर जारी

कैमोर अमरैयापार मे किया गया ई.व्ही.एम का प्रदर्शन

(कटनी) – मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिले में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक कर मतदान का प्रतिशत बढाने के उद्वेश्य से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में जिले के विभिन्न स्थलों में प्रतिदिन जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाकर नगारिकों को मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्र्रेरित किया जा रहा है।

            नगरीय निकाय आम निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए कैमोर स्थित वार्ड  क्रमंाक 14 अमरैयापार एवं कचहरी क्षेत्रांतर्गत मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। आयोजन के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों को ईवीएम मशीन कंट्रोल यूनिट एवं वैलेट यूनिट के संबंध मे जानकारी प्रदान की जाकर ईवीएम मशीन से वोटिंग करने की प्रकिया से अवगत कराया जाकर मताधिकार का उपयोग करने हेतु नागरिकों को जागरूक किया गया। इस दौरान नागरिकों को मताधिकार के संबंध में जानकारी प्रदान की जाकर मतदान दिवस को सारे काम छोडकर मतदान करनें की अपील भी की गई।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें