MP Election Special : आरपीकेपी इंडिया न्यूज़ पर कटनी जिले की चुनाव से जुड़ी बड़ी खबरें
कलेक्टर श्री मिश्रा और पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने रीठी जनपद क्षेत्र के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण,दिए निर्देश
मतदान कर्मियों की सुविधाओं का रखें ध्यान – कलेक्टर श्री मिश्रा
(कटनी)- त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तीसरे चरण में शुक्रवार 8 जुलाई को जिले के रीठी और बहोरीबंद जनपद क्षेत्र में होने वाले मतदान से संबंधित जरूरी व्यवस्थाओं और तैयारियों का रविवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस अधिक्षक सुनील कुमार जैन ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर जायजा लिया।
कलेक्टर श्री मिश्रा और पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने रीठी जनपद क्षेत्र के ग्राम तिलगवां, बिलहरी, रीठी, निटर्रा और देवगांव के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। मतदान केंद्रों में मतदान के पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। श्री मिश्रा ने मतदान दलों को जरूरी मूलभूत सुविधाएं सुविधायें मुहैया कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये ताकि मतदान दलों को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मिश्रा ने मतदान केंद्रों में बुजुर्गों एवं दिव्यांगों को रैंप, उपकरण व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी प्रदान किए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को कम्युनिकेशन प्लान दुरुस्त रखने के लिए कहा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने ग्रामीण जनों से संवाद करते हुए कहा कि मतदाता बिना किसी डर या भय के निर्भीक होकर, बिना किसी लोभ और लालच के मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग करें । कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नियमों व प्रक्रियाओं का पालन करने हिदायत दी। पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने शांतिपूर्ण निर्देशन और निष्पक्ष चुनाव कराए जाने हेतु पुलिस एवं पेट्रोलिंग दलों को आवश्यक निर्देश दिए। श्री जैन ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरंतर भ्रमण करते हुए वस्तुस्थिति से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते रहें। निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रिया चंद्रावत ,तहसीलदार विजय द्विवेदी, सीईओ जनपद ज्ञानेंद्र मिश्रा, नायब तहसीलदार निधि तिवारी एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी रही।

जनपद क्षेत्र रीठी के मतदान हेतु आवश्यक तैयारियों की प्रेक्षक ने की समीक्षा
मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाएं रखें दुरूस्त – प्रेक्षक श्री खरे
(कटनी)- राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तृतीय चरण मे शुक्रवार 8 जुलाई को जनपद क्षेत्र रीठी एवं बहोरीबंद मे मतदान होना है। मतदान के पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्था दुरूस्त कर ली जावें। यह निर्देश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक शैलेन्द्र खरे ने निर्वाचन की तैयारियों हेतु रविवार को आयोजित समीक्षा बैठक में दिये। श्री खरे ने सामग्री वितरण, वापसी स्थल एवं मतदान केन्द्रों में निर्धारित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किये जाने के साथ मतदान के पूर्व स्थल निरीक्षण के निर्देश अधिकारियों को दिये। इस दौरान तहसीलदार विजय द्विवेदी, सीईओ जनपद ज्ञानेन्द्र मिश्रा, नायब तहसीलदार निधि तिवारी एवं अन्य अधिकारियों की मौजूगी रही ।

मतदान दलों को सामग्री वितरण एवं वापसी का दिया गया प्रशिक्षण
(कटनी) – त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तृतीय चरण मे जनपद क्षेत्र रीठी एवं बहोरीबंद मे शुक्रवार 8 जुलाई को मतदान होना है, इसकी तैयारियों हेतु जनपद स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रहीं है। जिसके परिपेक्ष्य में जनपद सभागार रीठी मे मतदान दलों को सामग्री वितरण एवं वापसी का प्रशिक्षण दिया गया।
मास्टर ट्रेनर धीरेन्द्र अग्रवाल ने प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान बताया कि रीठी मे 14 मतदान सामग्री वितरण केन्द्र उत्कृष्ट विद्यालय रीठी मे बनाए गए है। मतदान सामग्री वितरण एवं वापसी हेतु नियुक्त दल के कर्मचारियों को 7 जुलाई को प्रातः 6 बजे स्थल पर उपस्थित होने हेतु कहा गया है। इस दौरान अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह सहित अन्य अधिकारियों कर्मचारियों की मौजूदगी रही।

एस.डी.एम. प्रिया चंद्रावत ने किया रीठी के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण, दिये आवश्यक निर्देश
(कटनी) – राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तृतीय चरण मे शुक्रवार 8 जुलाई को जनपद क्षेत्र रीठी एवं बहोरीबंद मे मतदान होना है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंक मिश्रा के निर्देशन मे प्रथम एवं द्वितीय चरण के चुनाव शांतिपूर्ण, निर्विघ्न एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो चुके है। तृतीय चरण के मतदान की आवश्यक व्यवस्थाओं को दृष्टिगत रखते हुए एस.डी.एम. कटनी प्रिया चंद्रावत ने रविवार को जनपद क्षेत्र रीठी के तिलगवां, बिलहरी, निटर्रा, देवगांव एवं अन्य मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मतदान केन्द्रों मे प्रकाश की वैकल्पिक व्यवस्था, पेयजल एवं मतदान दलों हेतु मूलभूत सुविधाओं को मुहैया कराने के निर्देश दिए। एस.डी.एम. ने दिव्यांगों एवं बुजुर्गो हेतु मतदान केन्द्रों में रेंप एवं उपकरणों की व्यवस्था कराने तथा बारिश की आशंका को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। इस दौरान तहसीलदार विजय द्विवेदी, सी.ई.ओ जनपद ज्ञानेन्द्र मिश्रा, नायब तहसीलदार निधि तिवारी एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही।

सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण 4 जुलाई को जिला पंचायत सभागार में
(कटनी) – त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के तृतीय चरण हेतु सेक्टर अधिकारी एवं रिजर्व सेक्टर अधिकारी का प्रशिक्षण 04 जुलाई को प्रातः 11 बजे से जिला पंचायत कटनी सभागार में आयोजित किया गया है।
नोडल अधिकारी सेक्टर एवं रूट जिला कटनी द्वारा नोडल अधिकारी प्रशिक्षण को पत्र जारी कर जनपद पंचायत रीठी के सेक्टर 01 से 14 तक के सेक्टर अधिकारियों एवं 01 रिजर्व तथा जनपद क्षेत्र बहोरीबंद के 01 से 25 तक के सेक्टर अधिकारियों एवं 02 रिजर्व सेक्टर अधिकारी को जिला पंचायत सभाकक्ष कटनी में निर्धारित स्थान एवं समय पर प्रशिक्षण प्राप्त करनें हेतु र्निद्रेशित किया गया है।
नगरीय निकाय के प्रथम चरण हेतु गठित मतदान दलों का प्रशिक्षण 4 जुलाई को होगा
(कटनी) – उच्च न्यायालय जबलपुर द्वारा पारित आदेश एवं मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार केन्द्र शासन, बैंक एवं जीवन बीमा निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आगामी निर्वाचन कार्य पर प्रतिबंध लगाया गया है।
संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन नें इस संबंध में बताया कि नगरीय निकाय निर्वाचन 2022 अंतर्गत नगर परिषद विजयराघवगढ़ एवं कैमोर के मतदान दलों में नियुक्त केंद्र शासन के कर्मचारियों को हटाते हुए उनके स्थान पर राज्य शासन के अधिकारियों-कर्मचारियों का संशोधित आदेश जारी किया जा चुका है। इन सभी का प्रशिक्षण 03 जुलाई के स्थान पर अब 04 जुलाई को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एन.के.जे. कटनी में प्रातः 11 बजे से होगा।
