त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तीन चरण एवं नगरीय निकाय का प्रथम चरण निर्विघ्न, शांतिपूर्ण सम्पन्न होने पर मतदान कर्मियों को दी बधाई
डाइट में चल रहे निर्वाचन प्रशिक्षण का अपर कलेक्टर ने किया निरीक्षण
(कटनी)- राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार बुधवार 13 जुलाई को नगर परिषद बरही एवं नगर निगम कटनी में मतदान होना है। मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराए जाने हेतु विभिन्न निर्वाचन प्रशिक्षण केंद्रों में सेक्टर अधिकारियों एवं मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सोमवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में चल रहे निर्वाचन प्रशिक्षण का निरीक्षण अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो द्वारा किया गया। श्री टोप्पो ने निर्वाचन प्रशिक्षण में जारी गतिविधियों की जानकारी ली और राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों के संबंध में अवगत कराया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को स्लाइड स्विच की स्थिति चेक करने, ईवीएम मशीन को हैंड्स ऑन करके मॉकपोल की प्रक्रिया को समझने एवं सी.यू. की सीलिंग करने का अभ्यास करने के संबंध में निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मतदान कर्मियों को त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तीन चरण एवं नगरीय निकाय के प्रथम चरण के निर्विघ्न, शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने हेतु शुभकामनाएं दी। इस दौरान तहसीलदार क्षमा सराफ, सहायक नोडल प्रशिक्षण राजेंद्र असाटी एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी रही।

