निर्धारित लक्ष्य के अनुसार सभी विभाग करें काम, एप में कराएं फोटो अपलोड- कलेक्टर प्रियंक मिश्रा

कलेक्टर ने अंकुर अभियान व हरियाली महोत्सव की तैयारी की समीक्षा कर दिए निर्देश

(कटनी)- पौधरोपण के लिए शासकीय विभागवार व निजी संस्थाओं का लक्ष्य तय कर दिया गया है। सभी अपनी तैयारी पूर्ण कर लें और लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण कराते हुए फोटो को वायुदूत एप पर अपलोड भी कराएं। यह निर्देश कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अंकुर अभियान व हरियाली महोत्सव की तैयारी की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में सभी ऑक्सीजन की कमी से जूझे हैं। जिले में ऑक्सीजन लेबिल बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक पौधों का रोपण करें और पौधे रोपने के साथ उनकी सुरक्षा के भी पर्याप्त इंतजाम कराएं।

            कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि हरियाली महोत्सव का शुभारंभ 28 जुलाई से होना है और उससे पहले सभी विभाग वन विभाग, उद्यानिकी और एनआरएलएम की नर्सरी से पौधे ले लें ताकि परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि नगर निगम, महिला एवं बाल विकास विभाग, वन विभाग तीनों मिलकर विश्राम बाबा गेट के पास आंगनबाड़ी केन्द्र के बाहर रिक्त पड़ी भूमि को व्यवस्थित कर उसमें पौधरोपण कराएं और सुरक्षा का इंतजाम कराएं। इसके अलावा नगर निगम को शहर में खाली पड़ी भूमियों पर ग्रीन बेल्ट तैयार करने के निर्देश भी कलेक्टर ने बैठक में दिए।

            कलेक्टर श्री मिश्रा ने अभियान को सफल बनाने के लिए शासकीय विभागों के साथ ही कर्मचारी संघ, सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लेने के निर्देश बैठक में दिए। बैठक में अभियान के नोडल अधिकारी अजय श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में 75 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य तय किया गया है।

            कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी नर्सरी के नंबर जारी करने और पीएचई विभाग को पेयजल टंकियों के चारों ओर भी पौधे रोपकर उनकी सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश प्रदान किए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ जगदीश चंद्र गोमे, अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें