पर्यटन क्विज का आयोजन 24 अगस्त को, 5 अगस्त तक होंगे पंजीयन

(कटनी) – एमपी टूरिज्म बोर्ड द्वारा प्रदेश के छात्र-छात्राओं में मध्यप्रदेश में पर्यटन के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन 24 अगस्त को उत्कृष्ट स्कूल माधवनगर में किया जाएगा। उत्कृष्ट स्कूल माधवनगर प्राचार्य विभा श्रीवास्तव ने बताया कि जिला स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन दो चरणों में होगा। प्रथम चरण में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक लिखित परीक्षा होगी। जिसमें 100 प्रश्न होंगे। प्रश्न पर्यटन से संबंधित परिक्षेत्र कला संवर्धन, अध्यात्म, प्राकृतिक, सांस्कृतिक परिवेश से संबंधित होंगे। जिसमें से 6 सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन द्वितीय चरण के लिए किया जाएगा।

            द्वितीय चरण दोपहर 2.30 बजे से 4.30 बजे तक होगा, जिसमें ऑडियो विजुअल, मल्टीमीडिया आधारित मध्यप्रदेश से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न हिन्दी व अंग्रेजी दोनों माध्यम में होंगे। प्रत्येक विद्यालय से तीन सदस्यीय टीम भाग लेगी। जिसमें कक्षा 9वीं एवं 12वीं में अध्यनरत बालक व बालिकाएं भाग ले सकेंगी। जिनके चयन का पूर्ण अधिकार विद्यालय प्राचार्य व प्रबंधन का होगा।

            प्रतियोगिता स्थल पर टीमों को प्रभारी शिक्षक के साथ स्वयं के साधन, संसाधन से सुबह 9.30 बजे तक उपस्थित होना हागा। प्रतियोगिता के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त है। आवेदन प्राचार्य शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय माधवनगर को प्राचार्य की सील व हस्ताक्षर के साथ जमा करने होंगे। समय सीमा के बाद कोई भी प्रविष्टिी स्वीकार नहीं होगी। जिले के विजेता व उपविजेता टीम को प्रमाण पत्र व उपहार प्रदान किए जाएंगे। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 15 सितंबर को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय स्पर्धा में सहभागिता का अवसन प्राप्त होगा।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें