(जबलपुर) जबलपुर के विजय नगर स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के पास निजी अस्पताल में अचानक ही आग लग गई। हादसे में 8 लोगों की मौत की खबर है, 13 लोग झुलस भी गए हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
घटना के वक्त अस्पताल में कई लोग मौजूद थे। आग लगने से वहां मरीजों सहित उनके परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड का अमला पहुंचा और अस्पताल में लगी आग को बुझाने में जुट गया।
आपको बता दें कि अस्पताल का नाम लाइफ केयर मल्टी स्पेशलिस्ट हैं। आग शार्ट सर्किट के चलते लगी है। अस्पताल में भर्ती मरीजों को प्रबंधन शिफ्ट करने में जुटा हुआ हैं। प्रारंभिक जानकारी में अस्पताल में भर्ती कुछ मरीजों की मौत होना भी बताया जा रहा है। हालांकि प्रशासन और पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है आग लगने के चलते अस्पताल के भीतर धुंआ पसरा हुआ है जिसके चलते भर्ती मरीजों को निकालने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए और गंभीर रूप से घायलों को 60 हजार की सहायता
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जबलपुर के निजी अस्पताल में अग्निकांड पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि अग्निकांड पीड़ितों की समुचित सहायता की जाएगी।
जबलपुर के एक अस्पताल में भीषण अग्नि दुर्घटना का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है।
स्थानीय प्रशासन और कलेक्टर से निरंतर संपर्क में हूं। मुख्य सचिव को संपूर्ण मामले पर नजर बनाये रखने के लिए निर्देश दिया है। राहत एवं बचाव के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) August 1, 2022
मुख्यमंत्री चौहान ने अग्निकांड का शिकार हुए मृतकों के परिजनों को 5 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि गंभीर रूप से घायलों को निशुल्क समुचित उपचार के साथ ही 60 हजार की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्वीट करते हुए हादसे पर दुख जताया
जबलपुर के एक निजी अस्पताल में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु होने और बहुत से लोगों के हताहत होने का समाचार प्राप्त हुआ। यह अत्यंत पीड़ादायक घटना है।
मैं मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं और अग्निकांड में झुलसे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।