कटनी जिले के तीन विकासखंडों में चलाया जा रहा युवा क्लब विकास जागरूकता अभियान
(कटनी)- युवा शक्ति को संगठित कर उनकी क्षमताओं का समाज व राष्ट्र हित से जुड़े रचनात्मक कार्यों में उपयोग करने के लिए नेहरू युवा केंद्र संगठन द्वारा देश भर में सघन युवा क्लब विकास जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत गांव-गांव में युवा क्लब का गठन, पुनर्गठन किया जाना है।
जि़ले के तीन विकासखंड को युवा मंडल गठन, पुनर्गठन के लिए चिन्हित किया गया है। जिसमें बहोरीबंद, ढीमरखेड़ा, रीठी विकासखंड शामिल हैं। तीनों विकासखंड में 225 युवा मंडल के लक्ष्य के साथ राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों की अगुवाई में सक्रिय युवाओं की टीम गांव-गांव जाकर युवा मंडल विकास कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
नेहरू युवा केंद्र के माध्यम से युवा क्लब गठन एक सतत प्रक्रिया है। युवा मंडल, महिला मंडल गठन का उद्देश्य – लोकतंत्र और वैश्विक उपक्रमों में जनभागिदारी बढ़ाना है। निर्धारित ब्लॉक के लिए 10 सदस्यीय अभियान का दल गठित किया गया है। दल तीनों विकासखंड के 75 गांवों में सघन संपर्क कर ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, युवा क्लब का शासकीय अशासकीय कार्मिकों, संस्थाआंे एवं गणमान्य व्यक्तियो, युवाओं से संपर्क कर उन्हंे अभियान की जानकारी देने के साथ ही युवा क्लब के गठन एवं पुनर्गठन और सामुदायिक गतिविधियों में सक्रियता पूर्वक योगदान के लिए प्रशिक्षित कर रहे हैं।
जि़ला युवा अधिकारी, नेहरु युवा केंद्र कीर्तिका कुहर ने बताया कि जि़ले में अभी 325 से अधिक सक्रिय युवा मंडल, महिला मंडल हैं। युवा क्लबों के नेटवर्क के आधार पर नेहरू युवा केंद्र संगठन न केवल संस्थागत कार्यक्रमों बल्कि विभिन्न केन्द्रीय व राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वन में जनभागीदारी सुनिश्चित करता है। युवा क्लब के पदाधिकारियों को विभिन्न प्रशिक्षण देकर उनके माध्यम से सरकार, जिला प्रशासन व पंचायत स्तरीय कार्यक्रमों को भी गति दी जा रही है।

