पीएम आवास, प्रधानमंत्री सड़कों के पूर्ण होने पर समारोहपूर्वक करें लोकार्पण- सांसद वीडी शर्मा

Advertisement

गांव-गांव में नालियों के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजें – पंचायत मंत्री श्री सिसोदिया

दिशा की बैठक में वर्चुअली शामिल हुए खजुराहो सांसद व प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री

(कटनी)- प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण और प्रधानमंत्री सड़क योजना की सड़कों का कार्य पूर्ण होने पर उनका लोकार्पण समारोहपूर्वक करें। जिसमें जनप्रतिनिधियों को जानकारी दें और उनको अवश्य शामिल करें। आयुष्मान योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिले, इसके लिए योजना पर फोकस करके काम करें। यह निर्देश जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में वर्चुअली जुड़े खजुराहो सांसद व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने दिए।

             वर्चुअली रूप से प्रदेश के पंचायत एवं ग्रमीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया भी बैठक में जुड़े और उन्होंने योजनाओं की समीक्षा के साथ ही कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को जिले की बड़ी-बड़ी पंचायतों में नालियों के निर्माण के लिए बड़े स्तर पर प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजने के निर्देश प्रदान किए। बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सभी नवनियुक्त पंचायत जनप्रतिनिधियों का परिचय दिया और उसके बाद सीईओ जिला पंचायत जगदीश चंद्र गोमे ने पिछली बैठक के कार्यवाही विवरण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। पूर्व बैठक में नगरीय क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था, जल जीवन मिशन के कार्य, आयुष्मान कार्ड का लाभ दिलाने हेल्पलाइन जारी करने सहित अन्य विषय शामिल थे।

            सांसद श्री शर्मा ने आयुष्मान योजना का दुरूपयोग करने वाले अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल जीवन मिशन के कार्य में लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं पंचायत मंत्री श्री सिसोदिया ने राष्ट्रीय परिवार कार्ड अधिक से अधिक लोगों के बनें, इसके निर्देश दिए।

            सांसद श्री शर्मा ने जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान कहा कि हर घर जल की महत्वाकांक्षी योजना तभी पूर्ण मानी जायेगी जब टोंटी युक्त जल से लोगों को पानी मिलने लगे। यह हर हाल मे सुनिश्चित किया जाये।

नगर को स्वच्छ रखने व्यवस्थित प्लान करें तैयार

बैठक में नगर निगम आयुक्त सतेन्द्र सिंह धाकरे ने अवैध होर्डिग पर कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी। जिसपर सांसद श्री शर्मा ने स्वच्छता की दृष्टि से बैनर-पोस्टर लगाने स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रसूताओं के लिए जननी वाहन न पहुंच पाने वाले गांवों में सुदूर सड़क निर्माण कराने के निर्देश पंचायत मंत्री ने जिला पंचायत सीईओ को दिए। आंगनबाड़ी केन्द्रों में चलाई जा रही योजनाओं को लेकर सांसद श्री शर्मा ने जनप्रतिनिधियों, समाज के बड़े लोगों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के पीएम आवास की प्रगति संबंधी जानकारी लेते हुए सांसद ने समारोहपूर्वक हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराने के साथ ही भवनों का निर्माण न करने वालों को मोटीवेट करने के निर्देश दिए। आवास निर्माण में शिकायत न आएं, इसके पर मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।

            बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने पीएम आवास के लिए सस्ते दर पर सामग्री उपलब्ध कराने और जल जीवन मिशन के तहत जिले में अनुमोदित योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। डिजिटल भारत भू अभिलेख स्वामित्व योजना के संबंध में बताया कि जिले के 840 ग्रामों में से 268 में अधिकार अभिलेख का कार्य पूर्ण हो गया है। गांव के बाहर गांव के नक्शा का डिस्प्ले बोर्ड लगाया जा रहा है, रीठी जनपद पंचायत से इसकी शुरूआत कर दी गई है। कलेक्टर ने बताया कि हर ग्राम पंचायत से अपने-अपने गांव के बाहर स्वामित्व के सर्वे के विवरण वाले बोर्ड को लगाने का आग्रह पंचायतों से किया गया है। इसके अलावा उज्जवला योजना, स्वामित्व योजना, पीएम सड़क सहित अन्य योजनाओं की भी बैठक में समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, महापौर प्रीति सूरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष, अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें