जिला चिकित्सालय का नवीन भवन परिसर का नामकरण स्व. श्री सत्येंद्र पाठक चिकित्सा भवन हुआ
(कटनी)-प्रदेश के वित, वाणिज्यकर, योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री और जिला के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा के अनुमोदन के बाद जिला चिकित्सालय कटनी स्थित नवीन भवन व परिसर का नाम अब स्व. श्री सत्येंद्र पाठक भवन हो गया है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने जिला चिकित्सालय के नवीन भवन व परिसर के नामकरण की अधिसूचना भी जारी कर दी है। उल्लेखनीय है कि शासन के नियमानुसार यदि कोई व्यक्ति सम्पूर्ण भवन के लिए राशि दान मे देता है, तो उस भवन का नाम उस व्यक्ति या उसके द्वारा प्रस्तावित व्यक्ति के नाम पर रखे जाने का प्रावधान है। विदित हो कि पूर्व मंत्री एवं विजयराघवगढ़ के विधायक संजय सत्येंद्र पाठक जिला चिकित्सालय में स्वयं के व्यय अत्याधुनिक सुविधायुक्त चिकित्सालय भवन अपने पिता पूर्व मंत्री स्वर्गीय श्री सत्येंद्र पाठक के नाम पर बनवाकर कटनी की जनता को सौगात दे रहें है। करीब 7 करोड़ की लागत से बनने वाली तीन मंजिला भवन आधुनिक चिकित्सीय यंत्रों की सुविधा से युक्त होगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इसी साल 7 अप्रैल को भव्य समारोह मे नए भवन निर्माण का भूमिपूजन भी कर चुके है।

