अधिक से अधिक लोग करें रक्तदान, लोगों को करें जागरूक- कलेक्टर प्रियंक मिश्रा
रेडक्रास सोसायटी की बैठक का हुआ आयोजन
(कटनी)– 17 सितंबर से प्रारंभ हो रहे मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत रेडक्रास सोसायटी और समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन करने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 17 सितंबर को जिला अस्पताल परिसर में रेडक्रास सोसायटी द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन करने को लेकर चर्चा की गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि रक्तदान करने के लिए अधिक से अधिक लोग आगे, इसको लेकर शिविर का व्यापक प्रचार प्रसार करें।
बैठक में ब्लड डोनर समितियों के सदस्यों ने कॉलेजों में जाकर छात्रों को जागरूक करने अभियान चलाने की बात कही। जिसपर कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले जिला स्तर पर शिविर का आयोजन करें और उसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप आयोजित करें। पुलिस के डायल-100 वाहन में प्राथमिक चिकित्सा बाक्स उपलब्ध कराने के निर्देश भी कलेक्टर ने बैठक में दिए।
इस दौरान एएसपी मनोज केडिया, रेडक्रास सोसायटी चेयरमैन सुशील शर्मा, वाइस चेयरमैन लालजी शर्मा, सचिव डॉ. यशवंत वर्मा, रमेश खंडेलवाल, एमजेएस लांबा, गोविंद सचदेवा, सारंग बजाज, अंकित जैन, रौनक खंडेलवाल सहित अन्य संस्थाओं के सदस्य उपस्थित थे।

