आबकारी विभाग की टीम ने बड़वारा में दी दबिश
(कटनी)- मदिरा के अवैध संग्रहण, परिवहन, विक्रय, निर्माण में रोकथाम लगाने को लेकर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के आदेशानुसार और जिला आबकारी अधिकारी आरके बघेल के निर्देशन में जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विशेष अभियान के तहत आबकारी वृत्त बड़वारा के ग्राम सुड्डी, पिपरियाकला, बगैहा, पथरहटा व नदावन में आबकारी विभाग की टीम ने दबिश दी और मदिरा का अवैध रुप से निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय कर रहे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की। टीम ने 605 किलोग्राम महुआ लाहन, 63 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त करते हुए मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) क एवं च के 4 प्रकरण भी पंजीबद्ध किए। मौके पर महुआ लाहन का सैंपल लेकर उसे नष्ट किया गया। जब्त किए गए महुआ लाहन व मदिरा की अनुमानित राशि 39,700 रूपये है।

