मेयर इन काउंसिल की बैठक में नगर विकास के महत्वपूर्ण प्रकरणों पर मिली हरी झंडी।

Advertisement

(कटनी) – नगर विकास के महत्वपूर्ण प्रकरणों पर नगर निगम में दोपहर 3ः30 बजे से आयोजित मेयर-इन-काउंसिल की बैठक के दौरान सर्वसम्मति से विचारोपरांत स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक के दौरान नगरीय क्षेत्र में लोकेशन लोकेटर गैन्ट्री हेतु प्राप्त ऑफर प्राइज की स्वीकृति के संबंध में विभागीय अधिकारी द्वारा प्रदाय की गई जानकारी अनुसार नगर के 24 स्थलों पर लोकेशन लोकेटर हेतु निविदाएं आमंत्रित की गई थी जिसमे ई ऑक्शन उपरान्त अधिकतम ऑफर प्राइस 30.50 पर प्रति वर्ग फुट प्रतिमाह एडवरटाईजिंग रीवा का प्राप्त हुआ है। कुल 24 ़़़ लोकेशन लोकेटर का निर्माण पूर्ण हो जाने पर नगर निगम को अनुमानित आय 3,36,720 प्रतिमाह प्राप्त होगा। कार्य में किसी भी प्रकार का वित्तीय भार नहीं होगा अपितु राजस्व आय में वृद्धि होगी। प्रकरण पर विचार किया जाकर लोकेटर की ऊंचाई पर्याप्त रखने के निर्देश प्रदान किये जाकर सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
जगन्नाथ चौक से घंटाघर तक सड़क निर्माण कार्य की प्रशासकीय, तकनीकी एवं वित्तीय स्वीकृति के संबंध में जानकारी दी गई कि उक्त मार्ग अति व्यस्ततम मार्ग एवं शहर का प्रमुख मार्ग है। वर्तमान में मार्ग क्षतिग्रस्त है, मार्ग में उपलब्ध चौड़ाई पर सी.सी. रोड निर्माण 251.43 लाख, आर.सी.सी.ड्रेन मरम्मत एवं क्रॉस ड्रेन 58.34 लाख तथा सीवर लाईन का कार्य 44.00 लाख इस तरह कुल राशि 353.77 लाख जी.एस.टी सहित का प्राक्कलन तैयार कराया गया है।
नागरिकों को सुगम यातायात एवं मूलभूत सुविधा के तहत उक्त प्रकरण पर विचारोपरान्त सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान करते हुए अल्पकालीन निविदा आमंत्रित किये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक के दौरान नगर वन योजना हरयाली क्षेत्र में वृद्धि एवं एयर क्वालिटी इम्प्रूवमेंट की स्वीकृति, लाडली लक्ष्मी योजना अन्तर्गत लाडली लक्ष्मी पथ के नामकरण एवं लाडली लक्ष्मी वाटिका स्थापित किये जाने के साथ-साथ नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन आदेशानुसार समयमान वेतनमान दिये जाने, संविदा भर्ती किये जाने, सहित कर्मचारियों संबंधी अन्य प्रस्तावों पर भी सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक के दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य सर्वश्री संतोष शुक्ला, रमेश सोनी, अवकाश जायसवाल, बीना संजू बैनर्जी, तुलसा गुलाब बेन, सुमन राजू माखीजा, खुशबू अनिरुद्ध नारायण सोनी सहित आयुक्त श्री सत्येन्द्र सिंह धाकरे, कार्यपालन यंत्री शैलेष जायसवाल, उपायुक्त पवन अहिरवार, प्र.कार्यपालन यंत्री के.पी.शर्मा, सहायक राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक एवं प्र.सहा यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल, आदेश जैन, अश्विनी पाण्डेय, उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव एवं अन्य विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति रही।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें