म.प्र. डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा सतना शहर की हृदयस्थली जयस्तंभ चौक में आजीविका स्टोर का संचालन किया जा रहा है। आजीविका स्टोर में जंगल का नेचुरल शहद, गाय एवं भैंस के शुद्ध घी के साथ ही समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों में फैंसी कपड़े, वॉशिंग पाउडर, ऐलोवेरा के विभिन्न फ्लेवर वाले साबुन, सैनिटाईजर, मास्क, मास्क टोपी, डलिया, अगरबत्ती, रूई-बाती, सैनेटरी पैड, दोना आदि का विक्रय किया जा रहा है।
जनपद सोहावल की ब्लॉक प्रबंधक आशा कुशवाहा ने बताया कि आजीविका स्टोर का संचालन ममता सूर्यवंशी द्वारा किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वालीं महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से मुख्यधारा में लाने के लिए प्रारंभ एनआरएलएम मिशन के तहत जिले में कई काम प्रारंभ किए गए है। इसके तहत महिलाओं के समूहों को जोड़कर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा किया गया है। शासन द्वारा महिलाओं के इन स्व-सहायता समूहों को स्वयं के रोजगार से जोड़ने के हर संभव प्रयास किए जा रहे है। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं की आमदनी बढ़ाने तथा रोजगार से जोड़ने के लिए शासन-प्रशासन द्वारा ऋण अनुदान भी प्रदान किया जाता है।