समय-सीमा की बैठक मे कलेक्टर अवि प्रसाद ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण के दिए निर्देश

(कटनी)- कलेक्टर अवि प्रसाद ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष मे समय-सीमा की बैठक में सीएम हेल्पलाइन मे लंबित शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की और विभिन्न विभागों मे लंबित शिकायतो के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

            समय-सीमा बैठक मे सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को लेकर कलेक्टर श्री प्रसाद ने विभिन्न विभागों मे लंबित शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए हैं। शिकायतों मे श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा, पीएचई की अत्यधिक लंबित शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए है।

            विभागों मे पीएचई के अंतर्गत आने वाली शिकायतों मे नल-जल योजना की अत्यधिक शिकायतें आने पर कलेक्टर श्री प्रसाद ने इसकी जानकारी ली। साथ ही कलेक्टर श्री प्रसाद ने ग्राउण्ड वाटर रिचार्ज के लिए हैण्डपम्प के पास सोख्ता गड्ढे, रिचार्ज पिट आदि बनवाने के निर्देश पीएचई विभाग को दिए है। इसी प्रकार शिक्षा विभाग मे लंबित शिकायतों मे छात्रवृत्ति, मेधावी छात्रों को लैपटॉप हेतु राशि न मिलने से संबंधित शिकायत के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए है। श्री प्रसाद ने अधिकारियों को पेंशन से संबंधित शिकायतों को लंबित न रखने के निर्देश दिए है।

            बैठक मे कलेक्टर श्री प्रसाद ने पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले मे ऐसे स्थानों का चुनाव करने के निर्देश अधिकारियों को दिए है, जहां पर पर्यटक स्थानों को विकसित किया जा सके। कलेक्टर ने बलराम तालाब के कार्यों में वांछित प्रगति नहीं होने पर भी अप्रसन्नता व्यक्त किया और त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।

अलाव की व्यवस्था

कलेक्टर श्री प्रसाद ने दिनों-दिन बढ़ती ठंड की वजह से नगर निगम क्षेत्र और बरही, विजयराघवगढ़ एवं कैमोर नगर परिषदों में अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने और रेन बसेरा को भी व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

धार्मिक स्थलों में रोकें भिक्षावृत्ति

कलेक्टर श्री प्रसाद ने कहा कि भिक्षावृत्ति के विरुद्ध अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के आसपास बच्चों के भिक्षाटन करने वाले बच्चों के अभिभावकों और माता-पिता को समझाइश देने संबंधित एसडीएम, नगर निगम और परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास संयुक्त रुप से कार्य करें।

नशा मुक्ति अभियान

जिले में स्कूलों और शैक्षणिक संस्थाओं के आसपास शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नशा मुक्ति अभियान चलाने और इस कृत्य में लिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने आबकारी विभाग को निर्देशित किया।

बनेंगी 115 राशन दुकानें जिले में एन्यूटी मॉडल पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली की 115 दुकानों के भवन बनाए जाएंगे। इसके लिए कलेक्टर ने भूमि चिन्हांकन का कार्य शीघ्र संपादित करने निर्देशित किया।

खरीदी केंद्रों में प्लेटफार्म बनायें

कलेक्टर ने कहा कि करीब 30 खरीदी केंद्रों में खुले में उपार्जन होगा। यहां मनरेगा से प्लेटफार्म बनाना था, अधिकांश मे बन चुका है, लेकिन जहां अभी प्लेटफार्म नहीं बन पाया है, वहां जल्दी प्लेटफार्म निर्माण कार्य पूरा किया जाए। साथ ही बारिश से बचाव हेतु तिरपाल आदि का इंतजाम भी करें।

प्रदेश में अव्वल

मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के क्रियान्वयन मे कटनी जिला प्रदेश मे प्रथम स्थान पर है। इस योजना में यहां अब तक 1151 पट्टे वितरण हेतु तैयार किए गए हैं।

आयुष्मान कार्ड

कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड बनाने की वर्तमान प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को बधाई दी और आगे भी लक्ष्य के अनुसार आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य अनवरत जारी रखने निर्देशित किया।

            बैठक मे जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत, संयुक्त कलेक्टर साधना परस्ते, एसडीएम, निगमायुक्त सतेन्द्र सिंह धाकरे, जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह, डीएसओ बालेन्द्र शुक्ला, ई-गवर्नेंस के जिला प्रबंधक सौरभ नामदेव, लोक सेवा के जिला प्रबंधक दिनेश विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें